कोर्ट रुम में अजितेश की पिटाई, इलाहाबाद हाई कोर्ट ने साक्षी मिश्रा की शादी को लेकर कही बड़ी बात

साक्षी मिश्रा ने जो वीडियो बनाया था, उसमें उन्होने अपने पिता, भाई और उनके दोस्त से अपनी जान को खतरा बताते हुए हाई कोर्ट में याचिका दाखिल की थी।

बरेली के बिथरी चैनपुर विधानसभा से विधायक राजेश मिश्रा की बेटी साक्षी मिश्रा और उनके पति अजितेश इलाहाबाद हाई कोर्ट में पेश हुए, उससे पहले अजितेश के साथ कोर्ट रुम में मारपीट की कोशिश की गई, हालांकि एसएसपी अतुल शर्मा का कहना है कि कोर्ट रुम में अजितेश के साथ किसी भी तरह की कोई मारपीट नहीं की गई है। हाई कोर्ट ने अजितेश और साक्षी की शादी को वैध करार दिया है।

सुरक्षा देने को कहा 
इलाहाबाद हाई कोर्ट ने यूपी पुलिस को अजितेश और साक्षी को सुरक्षा देने को कहा है, आपको बता दें कि बीजेपी विधायक राजेश मिश्रा उर्फ पप्पू भरतौल की बेटी साक्षी ने दलित युवक अजितेश कुमार से शादी की है,
इसके  बाद लड़की ने दो वीडियो जारी कर अपनी और पति की सुरक्षा की गुहार लगाई थी, वीडियो में साक्षी ने कहा था कि उनकी जान को खतरा है।

परिवार वालों पर आरोप 
साक्षी मिश्रा ने जो वीडियो बनाया था, उसमें उन्होने अपने पिता, भाई और उनके दोस्त से अपनी जान को खतरा बताते हुए हाई कोर्ट में याचिका दाखिल की थी,
इसके साथ ही एसएसपी बरेली से भी सुरक्षा की मांग की थी, जिस पर एसएसपी ने कहा था कि इस मामले में हम कुछ नहीं कर सकते, कोर्ट के ऑर्डर के बाद ही उन्हें सुरक्षा दी जाएगी।

विधायक ने क्या कहा 
वहीं इस मामले में बीजेपी विधायक राजेश मिश्रा ने कहा कि जो कुछ भी मीडिया में चल रहा है, वो सब गलत है, मेरी बेटी बालिग है, उसे निर्णय लेने का हक है,
किसी को भी ना तो मैंने और ना ही मेरे परिवार के किसी सदस्य ने धमकी दी है। बेटी जहां भी रहे खुश रहे।

4 जुलाई को मंदिर में शादी 
आपको बता दें कि बीते तीन जुलाई को साक्षी अपने घर से अजितेश के साथ भागी, दोनों ने 4 जुलाई को प्रयागराज के राम जानकी मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार शादी की, विधायक की बेटी ने वीडियो में कहा कि दोनों ने घर से भागकर मर्जी से शादी की है,
लेकिन विधायक के दोस्त राजीव राणा उनके पीछे पड़े हैं, वो जिस होटल में रुके थे, वहां भी उन्हें मारने के लिये लोग पहुंचे थे, लेकिन वो दोनों तरह से वहां से भाग निकले, साक्षी ने कहा कि अगर विधायक जी के हाथ लग गये, तो फिर दोनों को मार दिया जाएगा।