सेमीफाइनल- आज भी हुई बारिश, तो विराट सेना को मिल सकता है ये लक्ष्य, जानिये रनों का हिसाब-किताब

अगर टीम इंडिया आज भी बल्लेबाजी नहीं कर पाई, तो मुकाबला रद्द हो जाएगा, ऐसी स्थिति में ग्रुप स्टेज के प्रदर्शन के आधार पर फाइनलिस्ट टीम तय हो जाएगी।

खराब मौसम की वजह से टीम इंडिया-न्यूजीलैंड के बीच खेला जा रहा विश्वकप का पहला सेमीफाइनल मुकाबला रिजर्व डे में चला गया, मंगलवार को न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 46.1 ओवर में 5 विकेट पर 211 रन बनाये थे, लेकिन फिर बारिश ने खेल रोक दिया, इसके बाद लगातार झमाझम बारिश होती रही, जिसकी वजह से मुकाबला रिजर्व डे में भेजना पड़ा, आज खेल कल जहां रुका था, वहीं से शुरु होगा।

रिजर्व डे पर भी बारिश की संभावना
टीम इंडिया की ओर से भुवनेश्वर कुमार अपना अधूरा ओवर पूरा करेंगे, तो टेलर (67 रन) और लाथम (तीन रन) अपनी पारी को आगे बढाएंगे, अगर मौसम ठीक रहा,
तो मुकाबला 50-50 ओवर का ही होगा, दोनों टीमों में बराबर की टक्कर देखने को मिलेगी, लेकिन अगर मौसम का मिजाज फिर बदला, तो टीमों का गणित भी फेल हो जाएगा, रिजर्व डे पर भी हल्की बारिश की संभावना है, अगर आज बारिश ने खलल डाला, तो डकवर्थ लुईस के मुताबिक लक्ष्य निर्धारित किये जाएंगे।

क्या है संभावना 
अगर टीम इंडिया आज भी बल्लेबाजी नहीं कर पाई, तो मुकाबला रद्द हो जाएगा, ऐसी स्थिति में ग्रुप स्टेज के प्रदर्शन के आधार पर फाइनलिस्ट टीम तय हो जाएगी,
भारतीय टीम को फाइनल का टिकट दे दिया जाएगा। मैनचेस्टर में आज सुबह दस प्रतिशत ही बारिश की संभावना है, हालांकि दिन चढने के साथ ये संभावना 35 से 40 फीसदी तक बढ जाएगी।

कुछ ऐसा रहेगा गणित 
अगर आज भी बारिश खलल डालती है, तो मुकाबले का नतीजा तभी निकल सकता है, जब बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम कम से कम बीस ओवर बल्लेबाजी कर ले,
किवी पारी के भी अभी 3.5 ओवर बचे हुए हैं, अगर बारिश की वजह से ये ओवर पूरे नहीं हो पाते, तो टीम इंडिया को कम से कम 20 ओवर बल्लेबाजी करना है, और उनके सामने 148 रनों का लक्ष्य हो सकता है।

ऐसा मिल सकता है लक्ष्य
अगर आज का मुकाबला 25 ओवर का किया जाता है, तो विराट कोहली की टीम को जीत के लिये 172 रनों का लक्ष्य मिलेगा,
अगर तीस ओवर का मैच हुआ तो टीम इंडिया के सामने 192 रन, 35 ओवर के मैच में 209 रन, 40 ओवर में 223 रन और 46 ओवर में 237 रन बनाने होंगे।