विराट कोहली जाएंगे वेस्टइंडीज दौरे पर, लेकिन इन तीन नामों पर सस्पेंस बरकरार

सलामी बल्लेबाज शिखर धवन के फिटनेस को लेकर अभी भी सस्पेंस बरकरार है, विश्वकप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुकाबले में गब्बर चोटिल हो गये थे।

भारत के वेस्टइंडीज दौरे के लिये टीम का ऐलान शुक्रवार को किया जाएगा, पहले दावा किया जा रहा था कि कप्तान विराट कोहली समेत कुछ खिलाड़ी इस दौरे पर नहीं जाएंगे, लेकिन अब ऐसे संकेत मिल रहे हैं, कि कप्तान विराट कोहली भी इस दौरे पर जाने के लिये तैयार हैं, हालांकि तीन खिलाड़ियों के नाम पर अभी भी सस्पेंस बरकरार है।

इनका जाना तय
कप्तान विराट कोहली के अलावा एकदिवसीय उपकप्तान रोहित शर्मा भी दौरे पर जाने को तैयार हैं, पहले कहा जा रहा था कि
विराट कोहली आराम करेंगे और रोहित की कप्तानी में ही टीम वेस्टइंडीज का दौरा करेगी। इनके अलावा धोनी दौरे पर जाएंगे या नहीं, इसकी तस्वीर साफ नहीं है।

धोनी पर सस्पेंस 
रिपोर्ट्स के अनुसार धोनी अगले दो महीने तक अपने ऑर्मी यूनिट जा सकते हैं, मालूम हो कि धोनी को भारतीय टेरिटोरियल ऑर्मी ने नवंबर 2011 में लेफ्टिनेंट कर्नल का रैंक दिया था,
इसके अलावा कहा जा रहा है कि हार्दिक पंड्या भी पूरी तरह से फिट नहीं हैं, साथ ही जसप्रीत बुमराह को भी आराम देने की सलाह दी जा रही है, बुमराह टेस्ट सीरीज में शामिल हो सकते हैं।

धवन फिट या अनफिट
सलामी बल्लेबाज शिखर धवन के फिटनेस को लेकर अभी भी सस्पेंस बरकरार है, विश्वकप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुकाबले में गब्बर चोटिल हो गये थे,
जिसके बाद वो विश्वकप से भी बाहर हो गये, उनकी जगह ऋषभ पंत को टीम में मौका दिया गया। टीम इंडिया का वेस्टइंडीज दौरा 3 अगस्त से शुरु हो रहा है, दौरे पर टीम इंडिया सबसे पहले तीन टी-20 मैचों की सीरीज खेलेगी, फिर तीन वनडे और दो टेस्ट मैच खेलने हैं।