इंग्लैंड से हार के बाद कप्तान विराट कोहली का बड़ा बयान, धोनी की बल्लेबाजी को लेकर कही बड़ी बात

इस मुकाबले से पहले टीम इंडिया अजेय थी, हालांकि इस हार की विराट की टीम पर कोई खास फर्क नहीं पड़ेगा, टीम इंडिया के 7 मैचों में 11 अंक हैं।

आईसीसी विश्वकप में मेजबान इंग्लैंड ने टीम इंडिया को 31 रनों से हरा दिया है, बर्मिघम में खेले गये इस मुकाबले में अंग्रेज टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 337 रन बनाये, लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी नहीं रहीं, सलामी बल्लेबाज के एल राहुल बिना खाता खोले पवेलियन लौट गये, इसके बाद रोहित शर्मा (102 रन) और कप्तान विराट कोहली (66 रन) के बीच एक अच्छी साझेदारी हुई, हालांकि इसके बावजूद टीम 50 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 306 रन ही बना सकी।

हार के बाद बोले विराट कोहली 
इस टूर्नामेंट में पहली हार के बाद कप्तान विराट कोहली ने कहा कि सभी टीमें एक दो मैच हारी है, कोई भी टीम कभी मैच हारना नहीं चाहती है, लेकिन हमें स्वीकार करना चाहिये,
कि आज इंंग्लैंड की टीम ने हमसे अच्छा प्रदर्शन किया, टॉस महत्वपूर्ण था, हालांकि उससे खास फर्क नहीं पड़ा, आज बल्लेबाजी में हम इंग्लैंड से बेहतर नहीं कर सके, जबकि विकेट पाा था, हम अगर थोड़ी और ताकत लगाते तो लक्ष्य हासिल कर सकते थे, लेकिन अंग्रेजों ने अच्छी गेंदबाजी की।

धोनी की बल्लेबाजी पर टिप्पणी
टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी की बल्लेबाजी पर विराट कोहली ने कहा कि उन्होने गेंद को सीमा रेखा के पार भेजने की भरपूर कोशिश की,
हालांकि वो इसमें ज्यादा कामयाब नहीं हो सके, आपको बता दें कि धोनी ने नाबाद 42 रनों की पारी खेली। कप्तान विराट कोहली ने कहा कि खेल के दौरान जो भी कमियां रही हैं, उन्हें लेकर अगले गेम में सुधार करेंगे।

रुक गया टीम इंडिया का विजयी रथ
आपको बता दें कि इस मुकाबले से पहले टीम इंडिया अजेय थी, हालांकि इस हार की विराट की टीम पर कोई खास फर्क नहीं पड़ेगा, टीम इंडिया के 7 मैचों में 11 अंक हैं,
वो अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है। उनका अंतिम चार में पहुंचना लगभग तय है, लेकिन टीम इंडिया की इस हार से पाकिस्तान सेमीफाइनल में पहुंचने से वंचित रह सकता है, अब अगर इंंग्लैंड की टीम न्यूजीलैंड को हरा देती है, तो सेमीफाइनल में मेजबान इंग्लैंड टीम की एंट्री हो जाएगी, और पाकिस्तान बाहर हो जाएगा।