टीम इंडिया की सेमीफाइनल में एंट्री, विराट कोहली ने इनके सिर बांधा जीत का सेहरा
बर्मिघम में खेले गये इस मुकाबले में विराट कोहली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया, जिसे भारतीय सलामी बल्लेबाजों ने सही साबित किया।
टीम इंडिया ने मंगलवार को बांग्लादेश को 28 रनों से हरा दिया, इसके साथ ही भारतीय टीम की सेमीफाइनल में जगह पक्की हो गई, ऑस्ट्रेलिया के बाद सेमीफाइनल में पहुंचने वाली दूसरी टीम विराट सेना बन गई है,अभी भी दो टीमों पर सस्पेंस बरकरार है कि आखिरी कौन सी दो टीमों को अंतिम चार में जगह मिलेगी, इस रेस में तीन टीमें (इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और पाकिस्तान) शामिल है।
रोहित की शतकीय पारी
बर्मिघम में खेले गये इस मुकाबले में विराट कोहली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया, जिसे भारतीय सलामी बल्लेबाजों ने सही साबित किया,
रोहित शर्मा ने 104 रनों की शानदार पारी खेली, जिसकी वजह से टीम इंडिया 50 ओवर में 9 विकेट पर 314 रन बना सकी, जवाब में बांग्लादेश की टीम ने भी खूब संघर्ष करने की कोशिश की, लेकिन 48 ओवर में 286 रनों पर ऑलआउट हो गई, आइये आपको बताते हैं कि कप्तान विराट कोहली ने जीत के बाद क्या कहा।
बांग्लादेश टीम की तारीफ
मैच जीतने के बाद भारतीय कप्तान कोहली ने बांग्लादेश टीम की तारीफ की, उन्होने कहा कि इस विश्वकप में बांग्लादेशी टीम ने लाजबाव क्रिकेट खेली है,
जब तक आखिरी गेंद फेंकी गई, तब तक वो मैच में बने हुए थे, उन्होने सकारात्मक बल्लेबाजी की, जिसकी वजह से आखिरी तक बने रहे।
सेमीफाइनल में एंट्री
ऑस्ट्रेलिया के बाद टीम इंडिया सेमीफाइनल में पहुंचने वाली दूसरी टीम बन गई है, इस पर विराट ने कहा कि अंक तालिका में आपके नाम के साथ क्वालिफाई लिखा हो,
ये देखना सुखद एहसास है, ये हमें अच्छी मानसिकता में रखेगा, इसके अलावा विराट कोहली ने हिटमैन रोहित शर्मा और तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की भी जमकर तारीफ की।
इन्हें दिया जीत का श्रेय
रोहित शर्मा के बारे में बोलते हुए विराट कोहली ने कहा कि मैं उन्हें काफी लंबे समय से देख रहा हूं, इसलिये कह सकता हूं कि वो एकदिवसीय क्रिकेट में सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज हैं,
वो जिस अंदाज में बल्लेबाजी करते हैं, देखकर खुशी होती है। इसके साथ ही विराट ने बुमराह की गेंदबाजी की तारीफ करते हुए कहा कि उनके ओवर हमेशा हमारे लिये अहम होते हैं, इसलिये शुरुआत में 4 ओवर गेंदबाजी के बाद ही हम उन्हें रोक लेते हैं, वो विश्व स्तरीय गेंदबाज हैं, वो जानते हैं कि कब क्या करना है।




