लगातार नजरअंदाज किये जाने से नाराज अंबाती रायडू ने की संन्यास की घोषणा, क्या इस देश के लिये खेलेंगे
विश्वकप टीम में जगह ना मिलने के बाद कहा गया था कि अगर कोई खिलाड़ी चोटिल होता है, तो उन्हें मौका दिया जा सकता है।
विश्वकप के लिये चुनी गई टीम में जगह ना मिलने के बाद अंबाती रायडू ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी है। उन्होने आज बीसीसीआई को लेटर लिखकर अपने रिटायरमेंट का ऐलान किया है, आपको बता दें कि रायडू को विश्वकप के लिये चुनी गई 15 सदस्यीय टीम में जगह नहीं मिली थी, इसके बाद चोटिल शिखर धवन और विजय शंकर के विश्वकप से बाहर होने के बाद भी उन्हें मौका नहीं दिया गया।धवन के जगह पंत को मौका
विश्वकप टीम में जगह ना मिलने के बाद कहा गया था कि अगर कोई खिलाड़ी चोटिल होता है, तो उन्हें मौका दिया जा सकता है, सलामी बल्लेबाज धवन जब चोटिल हुए तो ऋषभ पंत को मौका मिला,
फिर विजय शंकर के बाहर होने के बाद अंबाती पर मयंक अग्रवाल को तरजीह दी गई।
बयान पड़ गया भारी
टीम इंडिया के मुख्य चयनकर्ता ने विश्वकप के लिये 15 सदस्यीय टीम चुनते हुए विजय शंकर को लेकर कहा था कि वो 3डी प्लेयर हैं, बैंटिग, बॉलिंग और फिल्डिंग हर विभाग में योगदान दे सकते हैं,
इस पर तंज कसते हुए अंबाती रायडू ने कहा था कि मैंने विश्वकप देखने के लिये 3डी चश्मे का ऑर्डर दे दिया है, शायद अंबाती का यही बयान चयनकर्ताओं को नागवार गुजरा, जब टीम के दो खिलाड़ी चोटिल हुए तो उनके रिप्लेसमेंट के तौर पर अंबाती का नाम नहीं आया।
क्या आईसलैंड के लिये खेलेंगे
आपको बता दें कि आईसलैंड क्रिकेट बोर्ड ने अंबाती को अपने देश की नागरिकता ऑफर की है, उनकी ओर से ट्विटर पर लिखा गया है कि अग्रवाल के पेशेवर क्रिकेट में 72.33 की औसत से 3 ही विकेट हैं,
इसलिये अब अंबाती रायडू अपने 3 डी ग्लास उतार सकते हैं, हमने उनके लिये जो दस्तावेज तैयार किये हैं, उन्हें पढने के लिये सिर्फ सादा चश्मा ही चाहिये होगा। हमारे साथ जुड़ जाओ अंबाती, हमें रायडू से जुड़ी बातें पसंद है। अब कयास ये लगाये जा रहे हैं कि आईसलैंड के ऑफर के बाद ही उन्होने संन्यास का फैसला लिया है।
अंबाती रायडू का करियर
मालूम हो कि अंबाती रायडू ने 55 वनडे में 1694 रन बनाये, उनका औसत 47.05 का रहा है, और सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 124 रन है। उन्होने तीन शतक और 10 अर्धशतक भी लगाये हैं,
वनडे में उनका स्ट्राइक रेट 79.04 का रहा है। अगर टी-20 की बात करें, तो टीम इंडिया के लिये उन्होने 5 टी-20 इंटरनेशनल खेले, जिसमें 10.50 के औसत से 42 रन बनाये।



