RSS पर चिट्ठी से बिहार की सियासत में तूफान, सुशासन बाबू की नैतिकता पर उठ रहे सवाल

सालों तक आरएसएस से जुड़े रहे और बीजेपी के राज्यसभा सांसद राकेश सिन्हा ने कहा कि बिहार सरकार के संघ से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटाने का आदेश नैतिक रुप से गलत था।

नीतीश कुमार वापस एनडीए में आ तो गये हैं, लेकिन वो मोदी-शाह की जोड़ी के साथ सहज नहीं लग रहे हैं। अब 28 मई को जारी एक चिट्ठी ने बिहार में सियासी तूफान मचा दिया है, दरअसल इसमें आरएसएस और उसके जुड़े संगठनों के नेताओं की गतिविधियों का ब्योरा देने का निर्देश दिया गया था, मोदी सरकार-2 के शपथ ग्रहण से 2 दिन पहले 28 मई को जारी इस चिट्ठी में अति आवश्यक शब्द का इस्तेमाल किया गया था। इसमें डेडलाइन 3 जून तक का दिया गया था, इस चिट्ठी के सामने आने से बीजेपी के नेता सीएम नीतीश कुमार की नैतिकता पर सवाल खड़े कर रहे हैं।

नैतिकता पर सवाल
सालों तक आरएसएस से जुड़े रहे और बीजेपी के राज्यसभा सांसद राकेश सिन्हा ने कहा कि बिहार सरकार के संघ से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटाने का आदेश नैतिक रुप से गलत था,
तो बीजेपी के विधान परिषद सदस्य सच्चिदानंद राय ने कहा कि जिस दिन लोकसभा चुनाव खत्म हुए, उसी दिन से ही नीतीश की मंशा साफ हो रही है।

शीर्ष नेतृत्व से गुहार
बिहार बीजेपी नेता सच्चिदानंद राय ने कहा कि 19 मई को लोकसभा चुनाव खत्म होने के बाद जदयू ने अनुच्छेद 370, 35ए और राम मंदिर जैसे मुद्दों पर जदयू ने अपना स्टैंड बीजेपी के अलग बताया,
उन्होने कहा कि आने वाले दिनों में बीजेपी के लिये जदयू भी मुश्किल खड़ी करेगी, ऐसे में ना तो ये गठबंधन के लिये सही हैं, और ना ही बिहार के लिये, मुझे उम्मीद है कि शीर्ष नेतृत्व इस पर संज्ञान जरुर लेंगे।

कुछ काम कर लीजिए नीतीश जी
बीजेपी युवा मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष संतोष रंजन राय ने इस मामले को लेकर सुशासन बाबू पर निशाना साधा है, उन्होने ट्विटर पर लिखा है,
कि कहां घिनौनी राजनीति में लगे हुए है माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी, समाज की सेवा में लगे संघ और उसके अंगों की जांच करवा कर क्या मिलेगा, बिहार, बाढ, अपराध और बेरोजगारी की चपेट में है, इसका संज्ञान लीजिए, कुछ काम कीजिए, आपके पास नया आइडिया खत्म हो गया है।

जदयू ने साध ली चुप्पी 
बीजेपी नेता लगातार नीतीश पर निशाना साध रहे हैं, तो जदयू ने इस पूरे मामले में चुप्पी साध ली है, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा कि
मुझे इस बारे में फिलहाल कोई जानकारी नहीं है, मैं इस बारे में कुछ नहीं बता सकता, पूरे मामले की जानकारी के बाद ही टिप्पणी करुंगा।