ऋषभ पंत की वजह से टेंशन में टीम इंडिया, कोच ने कही बड़ी बात

बल्ले से विस्फोटक रुप दिखाने वाले ऋषभ पंत फिल्डिंग में कमजोर नजर आते हैं, यही कारण है कि कप्तान विराट कोहली और धोनी को मैदान पर कहीं ऐसी जगह छुपाना पड़ रहा है।

आईसीसी विश्वकप में चोटिल शिखर धवन की जगह युवा बल्लेबाज ऋषभ पंत को मौका मिला है, पंत ने नंबर चार पर बल्लेबाजी करते हुए दो मैचों में 80 रन बनाये हैं, इंग्लैंड के खिलाफ उन्होने 32 रन बनाये, तो बांग्लादेश के खिलाफ उनके बल्ले से 48 रन निकले, पंत के आने से टीम इंडिया की बल्लेबाजी मजबूत हो गई है, हालांकि उन्हें प्लेइंग इलेवन में जगह देने  से टीम इंडिया की टेंशन भी बढ गई है, क्योंकि पंत की फिल्डिंग सबके लिये चिंता का सबब है।

फिल्डिंग में कमजोर
बल्ले से विस्फोटक रुप दिखाने वाले ऋषभ पंत फिल्डिंग में कमजोर नजर आते हैं, यही कारण है कि कप्तान विराट कोहली और धोनी को मैदान पर कहीं ऐसी जगह छुपाना पड़ रहा है,
जहां कम से कम गेंद जाए, बांग्लादेश के खिलाफ खेले गये मुकाबले के बाद टीम इंडिया के फिल्डिंग कोच आर श्रीधर ने कहा कि पंत के साथ काफी काम करने की जरुरत है, सबसे पहले तो उन्हें अपनी थ्रो करने की तकनीक को सुधारना होगा, साथ ही ये मानसिकता लानी होगी, कि वो विकेटकीपिंग नहीं बल्कि मैदान में फिल्डिंग कर रहे हैं।

पिछले मैच में अच्छा किया 
फिल्डिंग कोच ने कहा कि इस समय हमारे पास जो टीम है, हमारी कोशिश है कि उसे बेहतर तरीके से इस्तेमाल किया जाए, इसलिये विराट कोहली और धोनी उन्हें सही समय पर सही जगह लगाने की सोचते रहते हैं,
ताकि उनके भीतर से सर्वश्रेष्ठ निकाला जा सके। पिछले मुकाबले में उन्होने 5 रन बचाये थे, जो हमारे लिये बोनस था, उन्होने एक कैच भी पकड़ा था।

पंत को लेकर टेंशन में टीम
ऋषभ पंत को बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबले में बार-बार बाउंड्री लाइन से वापस सर्किल में बुलाया जा रहा था, वो पूरी बाउंड्री संभाल नहीं पा रहे थे, पंत बुमराह की गेंद पर एक कैच भी नहीं पकड़ पाये थे,
जिस पर कप्तान विराट कोहली नाराज दिखे थे, दिनेश कार्तिक जैसे खिलाड़ियों के रहते पंत का काम और भी मुश्किल हो जाता है, क्योंकि कार्तिक विकेटकीपर होने के साथ-साथ मैदान में भी शानदार फिल्डिंग करते हैं, इस वजह से पंत के लिये भी फिल्डिंग का मानक काफी ऊंचा हो गया है।

थोड़ी और मेहनत करनी होगी
आर श्रीधर ने कहा कि विकेटकीपर होने के साथ-साथ दिनेश कार्तिक मैदान में भी शानदार फिल्डिंग करते हैं, आपने देखा होगा, कि उन्होने बैकवर्ड प्वाइंट पर कुछ शानदार बचाव किये,
ये हमारी टीम के लिये बड़ी बात है, ऋषभ पंत युवा हैं, वो अपनी फिल्डिंग में सुधार कर सकते हैं, उन्हें मैदान पर चौकन्ना रहने के लिये थोड़ी और मेहनत करने की आवश्यकता है।