कर्नाटक में सियासी भूकंप, बीजेपी को समर्थन देगी जेडीएस?, कुमारस्वामी ने तोड़ी चुप्पी

जेडीएस विधायक और पूर्व मंत्री जीटी देवेगौड़ा ने शुक्रवार को कहा था कि उनकी पार्टी के कुछ विधायक पूर्व सीएम कुमारस्वामी पर बीजेपी सरकार को बाहर से समर्थन देने के लिये दबाव बना रहे हैं।

कर्नाटक में मचा सियासी भूकंप थमने का नाम नहीं ले रहा है, जेडीएस-कांग्रेस गठबंधन सरकार के गिरने के बाद अब कुमारस्वामी की पार्टी पर खतरा मंडराने लगा है, जेडीएस के विधायक दो खेमे में बंटते नजर आ रहे हैं, कुछ विधायक कुमारस्वामी पर बीजेपी से हाथ मिलाने का दबाव बना रहे हैं, इन सब राजनीतिक उठा-पटक के बीच अब पूर्व सीएम कुमारस्वामी ने चुप्पी तोड़ी है।

बीजेपी को समर्थन देने पर क्या कहा 
कर्नाटक के पूर्व सीएम कुमारस्वामी ने बीजेपी को समर्थन देने पर चुप्पी तोड़ी है, उन्होने ट्विटर पर लिखा है, मुझे बीजेपी से हाथ मिलाने की खबरों के बारे में पता चला है, लेकिन इनका कोई आधार नहीं है,
कुमारस्वामी ने कहा कि विधायकों और पार्टी के कार्यकर्ताओं को इन अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिये, जो सच्चाई से बिल्कुल दूर है, उन्होने कहा कि हमने जनसेवा के लिये पार्टी बनाई है, जनता के लिये हमारी लड़ाई आगे भी जारी रहेगी।

पिता ने भी दिया बयान
कुमारस्वामी के पिता और पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा ने बीजेपी को बाहर से सपोर्ट करने की खबरों पर कहा कि उनकी पार्टी विपक्ष की भूमिका में होगी, जहां विरोध करना होगा,
वहां विरोध करेंगे, अगर येदियुरप्पा प्रदेश के लिये कुछ अच्छा करेंगे, तो हम उनका स्वागत भी करेंगे।

पार्टी में पड़ गई है फूट 
आपको बता दें कि जेडीएस विधायक और पूर्व मंत्री जीटी देवेगौड़ा ने शुक्रवार को कहा था कि उनकी पार्टी के कुछ विधायक पूर्व सीएम कुमारस्वामी पर बीजेपी सरकार को बाहर से समर्थन देने के लिये दबाव बना रहे हैं,
पार्टी के भविष्य की रणनीति के संबंध में कुमारस्वामी ने शुक्रवार रात बैठक बुलाई थी, जिसमें कुछ विधायक खुलकर बीजेपी की तरफदारी कर रहे थे, जिसके बाद माना जा रहा है कि जेडीएस के विधायक दो खेमों में बंट गये हैं।