रोहित शर्मा को छक्के से चोटिल हुई लड़की, जीत के बाद मिलने पहुंचे हिटमैन, दिया खास तोहफा

बांग्लादेश के खिलाफ टीम को जीत दिलाने के बाद हिटमैन रोहित शर्मा खासतौर से एक लड़की से मिलने पहुंचे और उन्हें अपना ऑटोग्राफ किये हुए हैट को गिफ्ट किया।

टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा जब से इंग्लैंड पहुंचे हैं, अलग ही अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे हैं, इस विश्वकप में हिटमैन के बल्ले से अब तक 4 शतक निकल चुके हैं, इसके साथ ही उन्होने एक अर्धशतक भी जड़ा है, उनकी इन्हीं पारियों के दम पर टीम इंडिया ने सेमीफाइनल का टिकट पक्का कर लिया है, बर्मिंघम में रोहित शर्मा ने बांग्लादेश के लिये 92 गेंदों में 104 रनों की पारी खेली।

लड़की को दी खास गिफ्ट 
बांग्लादेश के खिलाफ टीम को जीत दिलाने के बाद हिटमैन रोहित शर्मा खासतौर से एक लड़की से मिलने पहुंचे और उन्हें अपना ऑटोग्राफ किये हुए हैट को गिफ्ट किया,
दरअसल रोहित ने इस पारी के दौरान 5 छक्के लगाये, जिसमें एक सिक्स इस लड़की का जाकर लगा था, मैच के बाद रोहित ने अपनी फैन मीना से जाकर उनका हालचाल पूछा।

शानदार शतक
बांग्लादेश के खिलाफ रोहित ने 92 गेंदों में 104 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 5 छक्के भी शामिल थे, ये उनके वनडे करियर का 26वां शतक था,
रोहित शर्मा किसी भी विश्वकप में 4 शतक लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गये हैं, उन्होने पूर्व कप्तान सौरव गांगुली को पीछे छोड़ा, जिन्होने 2003 विश्वकप में तीन शतक लगाये थे।

सबसे ज्यादा रन 
रोहित शर्मा इस विश्वकप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में टॉप पर हैं, उन्होने अब तक 7 पारियों में 544 रन बनाये हैं, जिसमें चार शतक शामिल है,
उनके बाद बांग्लादेशी क्रिकेटर शाकिब अल हसन का नंबर आता है, तीसरे स्थान पर कंगारु सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर हैं। हिटमैन ने लगातार तीसरे साल वनडे क्रिकेट में एक हजार से ज्यादा रन बनाये हैं।