साक्षी-अजितेश मामले में नया ट्विस्ट, सीएम योगी से पिता ने लगाई गुहार

पिछले दिनों अजितेश के दादा-दादी बरेली स्थित अपने आवास पर लौट आये हैं, लेकिन वो ज्यादा बाहर नहीं निकल रहे, इन दोनों ने खुद को घर में कैद कर लिया है।

साक्षी-अजितेश के लव मैरिज के बाद मचे बवाल के बाद अब अजितेश के पिता हरीश नायक अपने समधी बीजेपी विधायक राजेश मिश्रा उर्फ पप्पू भरतौल से सुलह चाहते हैं, उनका कहना है कि इस विवाद से विधायक ही नहीं बल्कि बीजेपी की भी ईमेज को ठेस पहुंची है, लिहाजा सीएम योगी आदित्यनाथ और पार्टी खुद मध्यस्थता करे, ताकि दोनों बच्चे खुशी-खुशी बरेली में रह सके। 

डर में जी रहे 
अजितेश के पिता ने एक निजी न्यूज चैनल से बात करते हुए कहा कि अब हम लोग थक चुके हैं, दोनों बच्चे बरेली लौटकर खुली हवा में सांस लेना चाहते हैं,
लेकिन उन्हें अभी भी डर है कि साक्षी के पिता बाहुबली विधायक हैं, हरीश नायक ने कहा कि इस मामले में वो सीएम योगी आदित्यवाथ से मुलाकात करना चाहते हैं, जिससे उनकी पहल से दोनों परिवार सुख चैन से गुजर कर सके।

सीएम से मुलाकात 
हरीश नायक ने कहा कि व्यक्ति से बड़ी पार्टी होती है, बीजेपी देश की सबसे बड़ी पार्टी है, अगर बीजेपी के बड़े नेता इस मामले में दखल दें और पहल करें, तो समाज में अच्छा संदेश जाएगा,
हरीश नायक ने कहा कि बच्चों को एक सामान्य जिंदगी जीने का एक मौका जरुर देना चाहिये, उन्होने कहा कि मैं सीएम योगी से समय लेने का प्रयास करुंगा, उनसे मुलाकात कर अपनी बात रखूंगा।

सुरक्षित स्थान पर रह रहे 
पिछले दिनों अजितेश के दादा-दादी बरेली स्थित अपने आवास पर लौट आये हैं, लेकिन वो ज्यादा बाहर नहीं निकल रहे, इन दोनों ने खुद को घर में कैद कर लिया है,
कहा जा रहा है कि अजितेश के भाई-भाभी और पिता भी जल्द बरेली लौटेंगे, वहीं कोर्ट के आदेश के मुताबिक साक्षी और अजितेश फिलहाल किसी सुरक्षित स्थान पर रह रहे हैं, लेकिन वो कहां रह रहे हैं, इसकी जानकारी सार्वजनिक नहीं की जा रही है।

क्या है पूरा मामला 
बरेली से बीजेपी विधायक राजेश मिश्रा की बेटी साक्षी मिश्रा बीते 3 जुलाई को अपने घर से अचानक चली गई थी, इसके बाद अजितेश से प्रयागराज के मंदिर में उन्होने शादी कर ली,
10 जुलाई को दोनों ने वीडियो जारी कर अपनी जान को खतरा बताया, इसके बाद 11 जुलाई को साक्षी ने एक और वीडियो जारी कर पिता और भाई पर गंभीर आरोप लगाये, ये दोनों वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा था, जिसकी वजह से मामले ने तूल पकड़ लिया था।