शत्रुघ्न सिन्हा पर बड़ा दांव लगाने की तैयारी में कांग्रेस, बिहारी बाबू ने भी भर दी हामी
लोकसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी समेत कई प्रदेश अध्यक्ष और प्रभारियों ने इस्तीफा दे दिया था, कांग्रेस नये सिरे से संगठन को बनाने में जुटी हुई है।
दिल्ली विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस पूर्वांचलियों को लुभाने के लिये बिहारी बाबू शत्रुघ्न सिन्हा को दिल्ली कांग्रेस का अध्यक्ष बना सकती है, इसे लेकर राजनीतिक महकमों में खूब चर्चा है, इस बारे में जब शॉटगन से सवाल पूछा गया, तो उन्होने कहा कि अगर पार्टी मुझे इस लायक समझती है, और बड़ी जिम्मेदारी मुझे सौंपती है, तो मैं जिम्मेदारी लेने को तैयार हूं।अभी सिर्फ चर्चा
एक चर्चित वेबसाइट से बात करते हुए शॉटगन ने कहा कि अभी तो सिर्फ चर्चा हो रही है, मुझे भी इस बारे में जानकारी मिली है,
लेकिन पार्टी की ओर से आधिकारिक रुप से कुछ भी नहीं कहा गया है, उन्होने ये भी कहा कि आप जिस पार्टी से जुड़े होते हैं, उससे मिलने वाले हर दायित्व को ईमानदारी से निभाना आपका कर्तव्य होता है।
पार्टी के लिये काम करुंगा
शॉटगन ने आगे बोलते हुए कहा कि आप अपने कार्यक्षेत्र में कैसे हैं, ये तो पार्टी तय करती है, अगर आप किसी जिम्मेदारी के लायक होते हैं, तो आपको जिम्मेदारी मिलती है,
पार्टी का हर छोटा बड़ा सदस्य हमेशा उसे आगे ले जाने के लिये काम करता हैं, मैं भी पार्टी का सदस्य हूं, पार्टी की हर जिम्मेदारी मेरी अपनी जिम्मेदारी है, हर काम मेरा अपना है, इसलिये अगर मैं इस लायक समझा जाऊंगा, तो मेरा सौभाग्य है, मैं पार्टी के लिये काम करुंगा।
जल्द भरे जाएंगे पद
मालूम हो कि लोकसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी समेत कई प्रदेश अध्यक्ष और प्रभारियों ने इस्तीफा दे दिया था, कांग्रेस नये सिरे से संगठन को बनाने में जुटी हुई है,
दिल्ली में शीला दीक्षित के निधन के बाद पार्टी नये चेहरे की तलाश में है, जिसमें शत्रुघ्न सिन्हा और नवजोत सिंह सिद्धू का नाम आगे चल रहा है।
दिल्ली के लिये नये नहीं शॉटगन
आपको बता दें कि शत्रुघ्न सिन्हा दिल्ली की राजनीति में पहले भी सक्रिय रह चुके हैं, दिल्ली से चुनाव भी लड़ चुके हैं, हालांकि फिर बाद में उन्होने बिहार का रुख किया,
और पटना साहिब सीट से लगातार दो बार बीजेपी के टिकट पर सांसद रहे, लेकिन इस लोकसभा चुनाव से ठीक पहले वो बीजेपी छोड़ कांग्रेस में आ गये।



