जब ट्विटर बना सुषमा स्वराज का ऑफिस, ऐसे करती थी लोगों की मदद
आप सांसद भगवंत मान ने संसद में उन्हें धन्यवाद देते हुए कहा था कि वो लोगों को देश विदेश में बचाने के लिये बेहतरीन काम कर रही हैं।
मोदी सरकार वन में विदेश मंत्री रहीं सुषमा स्वराज के अचानक निधन की खबर ने पूरे देश को झकझोर दिया है, उन्हें श्रद्धांजलि देने का सिलसिला शुरु हो चुका है,सुषमा से पहले संभवतः किसी भी मंत्री ने सोशल मीडिया का इस्तेमाल वैसे नहीं किया, जैसे उन्होने किया, उनके कामों की खूब सराहना हुई, विरोधी नेता भी उनके इस बेमिसाल कोशिश की तारीफ किये बिना नहीं रह सके, आप सांसद भगवंत मान ने संसद में उन्हें धन्यवाद देते हुए कहा था कि वो लोगों को देश विदेश में बचाने के लिये बेहतरीन काम कर रही हैं।
1. फरवरी 2015 में इराक में 168 भारतीय फंस गये थे, उन लोगों ने ट्विटर पर एक वीडियो पोस्ट कर तत्कालीन विदेश मंत्री को टैग किया और मदद की गुहार लगाई, जिस पर सुषमा ने संज्ञान लिया और सभी 168 लोग सकुशल वापस घर लौटे।
2.प्रांशु सिंघल ने दोहा एयरपोर्ट पर फंसे अपने भाई अंकित के लिये सुषमा स्वराज से गुहार लगाई, क्योंकि प्रांशु का अपने भाई से दो दिन से संपर्क नहीं हो पा रहा था, जिस पर सुषमा स्वराज ने संज्ञान लेते हुए अंकित की वापसी सुनिश्चित कराई।
3. अग्रता नाम की एक महिला ने गुहार लगाते हुए कहा था कि बर्लिन में उसका पासपोर्ट और पैसे खो गये थे, वो भारतीय दूतावास से मदद चाहती थी, जिस पर विदेश मंत्री ने महिला को मदद मुहैया कराते हुए दूतावास को उनसे संपर्क करने को कहा था।
4. यमन की एक महिला ने अपने 8 महीने के बच्चे की तस्वीर ट्वीट कर राहत फ्लाइट से भारत आने की गुहार लगाई थी, तब सुषमा ने सबा नाम की इस महिला की मदद की थी, कहा गया था कि सबा ने एक भारतीय से शादी की थी, और अपने बच्चे के साथ भारत लौटना चाहती थी, लेकिन यमन में फंसी हुई थी।
5. मानव तस्करी की शिकार हुई एक लड़की को सुषमा स्वराज ने यूएई से छुड़वाया था, जब इस लड़की के भाई देव ताम्बोली ने ट्विटर के जरिये उनसे मदद मांगी थी,
यूएई दूतावास के जरिये पुलिस की मदद से लड़की को छुड़वाया गया, ताम्बोली को सूचित करते हुए सुषमा ने कहा था कि उनकी बहन दुबई के भारतीय दूतावास द्वारा चलाये जाने वाले शेल्टर होम पहुंचा दी गई हैं।



