नीतीश कुमार ही होंगे बिहार एनडीए का चेहरा? चिराग पासवान ने तोड़ी चुप्पी, कही ऐसी बात
लोजपा संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा कि इसमें किसी को कोई शक नहीं होना चाहिये, कि बिहार में एनडीए का चेहरा नीतीश कुमार ही रहेंगे।
बिहार बीजेपी के नेता संजय पासवान ने अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में सीएम उम्मीदवार पर बयान दिया था, उन्होने कहा था कि नीतीश को दिल्ली की राजनीति करनी चाहिये और सुशील कुमार मोदी बिहार सीएम उम्मीदवार, इस पर सुमो ने बिना देर किये बयान का खंडन किया और 2020 के लिये भी नीतीश को ही एनडीए का कैप्टन बताया, अब चिराग पासवान ने भी दो टूक शब्दों में कहा है कि नीतीश ही बिहार में एनडीए का चेहरा हैं।बीजेपी का कोई अधिकृत बयान नहीं
लोजपा संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा कि इसमें किसी को कोई शक नहीं होना चाहिये, कि बिहार में एनडीए का चेहरा नीतीश कुमार ही रहेंगे,
क्योंकि उनसे बेहतर और कोई है भी नहीं, कोई क्या बोलता है, इससे कोई खास फर्क नहीं पड़ने वाला है, इस बारे में बीजेपी का कोई अधिकृत बयान भी नहीं आया है, इसलिये इस पर विवाद नहीं करना चाहिये।
एनडीए पूरी तरह से एकजुट है
चिराग पासवान ने आगे बोलते हुए कहा कि बिहार में एनडीए टूट का कोई सवाल नहीं है, वो पूरी तरह से एकजुट है, चिराग ने ये भी कहा कि किसी की व्यक्तिगत राय कुछ भी हो सकती है,
लेकिन लोक जनशक्ति पार्टी का स्टैंड साफ है कि सीएम नीतीश कुमार ही बिहार में एनडीए के नेता हैं।
सीट शेयरिंग फॉर्मूला
अगले विधानसभा चुनाव के बारे में चिराग पासवान ने कहा कि बिहार में अगले साल सितंबर अक्टूबर में चुनाव होने हैं, 2020 में किस सीट फॉर्मूले के साथ टिकट का बंटवारा होगा,
इस सवाल पर फिलहाल उन्होने बोलने से मना कर दिया, उन्होने कहा कि जब चुनाव नजदीक आएगा तो मिल बैठकर बात करेंगे।
रामविलास ने भी किया नीतीश का समर्थन
आपको बता दें कि केन्द्रीय मंत्री और लोजपा सुप्रीमो राम विलास पासवान पहले ही ये साफ कर चुके हैं कि नीतीश कुमार को लेकर एनडीए में कोई विवाद नहीं है,
जहां तक चेहरे का सवाल है, तो नीतीश कुमार एनडीए का चेहरा हैं, और वहीं चेहरा बनें रहेंगे, किसी के कहने भर से चेहरा नहीं बदल जाता है।



