गिरिराज सिंह ने पूछा था जान दे दूं क्या, अब नीतीश के मंत्री ने किया पलटवार

मंत्री तथा सीएम नीतीश कुमार के करीबी कहे जाने वाले श्रवण कुमार ने गिरिराज सिंह के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि केन्द्रीय मंत्री को जमीनी हकीकत देखकर बयान देना चाहिये।

बिहार में एनडीए नेताओं के बीच बयानबाजी का दौर लगातार जारी है, रविवार को केन्द्रीय मंत्री और बेगूसराय सांसद गिरिराज सिंह ने बिहार सरकार पर बेगूसराय के साथ सौतेलापन बरतने का आरोप लगाया था, उन्होने मीडिया से बात करते हुए कहा कि हम जनप्रतिनिधि हैं, हम आत्महत्या कर लें, या चुप रहें, या कुछ नहीं बोलें, अब गिरिराज सिंह के इसी बयान पर जदयू ने पलटवार किया है।

जदयू का पलटवार
बिहार सरकार में संसदीय कार्य एवं ग्रामीण विकास मंत्री तथा सीएम नीतीश कुमार के करीबी कहे जाने वाले श्रवण कुमार ने गिरिराज सिंह के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि
केन्द्रीय मंत्री को जमीनी हकीकत देखकर बयान देना चाहिये, वो बिना सोचे-समझे कुछ भी बयानबाजी करने से बचें।

केन्द्रीय मंत्री को नसीहत
श्रवण कुमार सिंह ने कहा कि बयानों में नकारात्मक बातें नहीं आनी चाहिये, गिरिराज सिंह को आत्महत्या करने वाला बयान नहीं देना चाहिये,
श्रवण ने कहा कि दुनिया में किसी को आत्महत्या करने से किसी ने नहीं रोका है क्या, लेकिन इस तरह की बातों में दम नहीं है, बाढ और सूखे पर बयान देते हुए नीतीश के मंत्री ने कहा कि सीएम प्रभावित लोगों के लिये दिल खोलकर काम कर रहे हैं, बिहार सरकार सत्ता -सुख भोगने वाली नहीं है।

एनडीए में ऑल इज वेल
बिहार एनडीए में जारी विवाद को नकारते हुए नीतीश के मंत्री ने कहा कि बिहार एनडीए मजबूत है, हमारे बीच कोई तल्खी नहीं है, उन्होने भरोसा दिलाया,
कि आने वाले विधानसभा और लोकसभा उपचुनाव में एनडीए बड़ी जीत दर्ज करेगी, हमारे नेता प्रत्याशी तय करेंगे, बीजेपी नेताओं के बयानबाजी पर श्रवण सिंह ने कहा कि अभी कोई दिक्कत नहीं है, अगर दिक्कत होगी, तो उसका भी जवाब दिया जाएगा।