मोदी के इस युवा मंत्री ने लिखी हरियाणा में नई सरकार की पटकथा, एक मीटिंग और बन गई बात

दुष्यंत चौटाला ने चुनाव परिणाम के बाद किसी भी दल (बीजेपी या कांग्रेस) के साथ गठबंधन का विकल्प खुला रखा था, जिसके बाद अनुराग ठाकुर दुष्यंत के आवास पर पहुंचे, और उनसे मुलाकात की।

हरियाणा में बीजेपी और जेजेपी गठबंधन सरकार बनाने जा रही है, बहुमत से 6 विधायक पीछे रहने वाली बीजेपी ने सरकार बनाने को लेकर तस्वीर शुक्रवार शाम साफ कर दिया, बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, जेजेपी अध्यक्ष दुष्यंत चौटाला ने मिलकर प्रेस कांफ्रेंस में इस बात का ऐलान किया, कि हरियाणा में अगली सरकार बीजेपी-जेजेपी की होगी, कहा जा रहा है कि इस सरकार को बनवाने और दुष्यंत को अपने खेमे में लाने में युवा मंत्री अनुराग ठाकुर ने बड़ी भूमिका निभाई।

अनुराग ठाकुर की भूमिका 
दुष्यंत चौटाला ने चुनाव परिणाम के बाद किसी भी दल (बीजेपी या कांग्रेस) के साथ गठबंधन का विकल्प खुला रखा था, जिसके बाद अनुराग ठाकुर दुष्यंत के आवास पर पहुंचे,
और उनसे मुलाकात की, आपको बता दें कि हिमाचल प्रदेश से सांसद और केन्द्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर दिल्ली में 18 जनपथ पर रहते हैं, पड़ोस में ही दुष्यंत का भी आवास है, दोनों युवा नेता अच्छे दोस्त भी हैं।

अनुराग और बादल के जरिये बात
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार गुरुवार को नतीजे घोषित होने के बाद अनुराग ठाकुर और प्रकाश सिंह बादल के जरिये बीजेपी ने दुष्यंत चौटाला से बात की, तो जेजेपी प्रमुख ने एक दिन का समय मांगा,
उन्होने पहले विधायकों से बात की, फिर तिहाड़ जेल जाकर पिता अजय चौटाला से मिले, इसके बाद अनुराग के साथ अमित शाह के आवास पर पहुंचे और कुछ देर बाद ही समर्थन का ऐलान कर दिया।

गोपाल कांडा का बीजेपी में ही विरोध
इससे पहले सिरसा विधायक गोपाल कांडा समेत 6 निर्दलीय विधायकों ने बीजेपी सरकार को समर्थन का ऐलान किया था, लेकिन एयर होस्टेस केस में आरोपित कांडा के समर्थन पर बीजेपी में ही सवाल उठने लगे,
जिसके बाद बीजेपी नेतृत्व ने बिना गोपाल कांडा के सरकार बनाने का खाका खींचा, और हलोपा प्रमुख को किनारे कर दुष्यंत से समर्थन का ऐलान करवा दिया।