शरद पवार के दामाद ने बदला अजित पवार का मन, खास संदेश के साथ की थी मुलाकात

आज सुबह ही सुप्रिया सुले के पति सदानंद सुले ने अजित पवार से होटल ट्राइडेंट में मुलाकात की, इसके बाद अजित पवार का मन बदल गया।

महाराष्ट्र में सरकार गठन पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद प्रदेश में राजनीतिक घटनाक्रम तेजी से बदल रहे हैं, पहले डिप्टी सीएम अजित पवार ने इस्तीफा दिया, फिर सीएम देवेन्द्र फडण्वीस ने भी इस्तीफे का ऐलान कर दिया, सूत्र बता रहे हैं कि सुप्रिया सुले के पति ने इसमें बड़ी भूमिका निभाई है, उन्होने ही अजित पवार को मनाया है, सुले के पति शरद पवार का संदेश लेकर अजित से मिलने पहुंचे थे।

सीएम की बैठक में नहीं गये
सूत्रों का दावा है कि आज सुबह ही सुप्रिया सुले के पति सदानंद सुले ने अजित पवार से होटल ट्राइडेंट में मुलाकात की, इसके बाद अजित पवार का मन बदल गया और
वो सीएम फडण्वीस के साथ होने वाली बैठक में हिस्सा लेने के लिये नहीं गये, सदानंद सुले ने शरद पवार का संदेश उनसे साझा किया, शरद पवार ने अपने दामाद को संदेशवाहक बनाकर भेजा था, कि वापस पार्टी में आ जाओ, कहा जा रहा है कि इसी संदेश के बाद अजित ने इस्तीफा देने का मन बना लिया, तो वहीं अजित से जुड़े सूत्रों का दावा है कि बहुमत का आंकड़ा नहीं होने की वजह से उन्होने इस्तीफा दिया है।

बीजेपी खेमे में बैठकों का दौर जारी
सीएम देवेन्द्र फडण्वीस ने भी इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया है, उन्होने कहा कि अजित पवार के साथ बातचीत के बाद ही उन्होने सरकार गठन का दावा पेश किया है,
अब चूंकि अजित पवार ने कहा कि वो उनके साथ गठबंधन में नहीं रह सकते, सो उनके पास बहुमत नहीं है, वो राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपने जा रहे हैं।

भावी गठबंधन पर निशाना 
देवेन्द्र फडण्वीस ने अपने प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि ऑटो भी तीन पहियों पर चलता है, लेकिन अगर तीन पहिये, तीनों अलग दिशाओं में काम करते हैं, तो हमें पता है क्या होता है,
यही शिवसेना, एनसीपी और कांग्रेस के गठबंधन के साथ होने वाला है।