नवजोत सिंह सिद्धू पर अपनी ही सरकार ने चलाया हंटर, विजिलेंस की टीम खंगाल रही रिकॉर्ड
दोपहर एक बजे विजिलेंस की टीम ट्रस्ट ऑफिस पहुंची, वैसे ही अधिकारियों में हड़कंप मच गया, टीम ने इंजीनियरिंग ब्रांच, लीगल ब्रांच और सेल ब्रांच में दस्तक दी।
सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह और नवजोत सिंह सिद्धू के बीच पैदा हुआ विवाद थमता नहीं दिख रहा है, अब सिद्धू पर अपनी ही सरकार शिकंजा कस रही है, जीरकपुर में सिद्धू के करीबियों पर शिकंजा कसने के बाद अब विजिलेंस की टीम ने अमृतसर का रुख किया है, विजिलेंस की 15 सदस्यीय टीम ने डीएसपी तजिंदर सिंह के नेतृत्व में दोपहर को ट्रस्ट कार्यालय पर दबिश दी और देर शाम तक रिकॉर्ड खंगालती रही, सूत्रों का दावा है कि टीम के टारगेट पर सिद्धू का रिकॉर्ड है।जांच की मांग
नवजोत सिंह सिद्धू के खिलाफ बयानबाजी करने वाले पंजाब कांग्रेस के पूर्व सचिव और प्रवक्ता मनदीप सिंह मन्ना को जैसे ही ट्रस्ट ऑफिस में विजिलेंस टीम के पहुंचने की सूचना मिली,
वो तुरंत शिकायतों का पुलिंदा लेकर वहां पहुंच गये, मन्ना ने सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर द्वारा की गई अनियमितताओं की जानकारी उन्हें दी, उन्होने विजिलेंस टीम से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
अधिकारियों में हड़कंप
दोपहर एक बजे विजिलेंस की टीम ट्रस्ट ऑफिस पहुंची, वैसे ही अधिकारियों में हड़कंप मच गया, टीम ने इंजीनियरिंग ब्रांच, लीगल ब्रांच और सेल ब्रांच में दस्तक दी,
वहां कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों से पूछताछ की, उसके बाद टीम ट्रस्ट के एसई राकेश गर्ग के कार्यालय में बैठ गई, फिर वहीं से सारा रिकॉर्ड निकालने को कहा गया।
रुटीन चेकिंग की गई
एसएसपी विजिलेंस आर के बख्शी ने कहा कि विजिलेंस ने नगर सुधार ट्रस्ट ऑफिस में रुटीन चेकिंग की, पूरे पंजाब में चेकिंग चल रही है, जब उनसे पूछा गया कि
सिद्धू से संबंधित रिकॉर्ड पर ही टीम का ज्यादा फोकस क्यों रहा, तो उन्होने कहा कि मैं इस बारे में आपको ज्यादा कुछ नहीं बता सकता ।


