आप सेमीफाइनल में बिजी रहे, उधर गोवा में बीजेपी ने कर दिया खेल, कांग्रेस खात्मे की कगार पर
गोवा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गिरीश चोडांकर ने बताया कि बीजेपी ने अपने गठबंधन के साथी और अब हमारे खेमे के 10 विधायकों को अपनी पार्टी में शामिल कर अपनी असुरक्षा का परिचय दिया है।
कर्नाटक में मचे सियासी ड्रामे के बीच अब गोवा के दस कांग्रेस विधायकों ने बीजेपी का दामन थाम लिया है, खबर है कि इन विधायकों ने नेता प्रतिपक्ष के साथ मिलकर अलग ग्रुप बना लिया था, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष चंद्रकात काव्लेकर ने कहा कि उनकी अगुवाई में कांग्रेस के दस विधायक बीजेपी में शामिल हुए हैं, केन्द्रीय नेतृत्व से नाराज होकर इन विधायकों ने पाला बदला है।गोवा के सीएम ने भी की पुष्टि
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा कि कांग्रेस के 10 विधायक अपने नेता प्रतिपक्ष के साथ बीजेपी में शामिल हो गये हैं, सीएम ने कहा कि प्रदेश में बीजेपी की ताकत बढकर अब 27 हो गई है,
बीजेपी में शामिल सभी विधायकों ने कोई शर्त नहीं रखी है, सीएम ने ये भी जानकारी दी, कि गुरुवार को कैबिनेट विस्तार की घोषणा हो सकती है।
दिल्ली आ रहे विधायक
कांग्रेस छोड़ बीजेपी का दामन थामने वाले गोवा के विधायक बुधवार रात ही दिल्ली के लिये रवाना हो चुके हैं,
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक विधायक यहां बीजेपी के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा और पीएम नरेन्द्र मोदी से मुलाकात करेंगे, इसके बाद आगे की रणनीति बनेगी।
प्रदेश का समीकरण
कांग्रेस - 05 (पहले 15)
बीजेपी - 27 (पहले 17)
गोवा फॉरवर्ड पार्टी - 03
महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी - 01
एनसीपी- 01
स्वतंत्र - 01
वन नेशन वन पार्टी
गोवा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गिरीश चोडांकर ने बताया कि बीजेपी ने अपने गठबंधन के साथी और अब हमारे खेमे के 10 विधायकों को अपनी पार्टी में शामिल कर अपनी असुरक्षा का परिचय दिया है,
वो वन नेशन वन इलेक्शन नहीं बल्कि वन नेशन वन पार्टी की कोशिश कर रहे हैं।



