100 से ज्यादा बदमाशों का एनकाउंटर करने वाले ने नौकरी से दिया इस्तीफा, इस पार्टी से लड़ सकते हैं चुनाव

बीते 4 जुलाई को एनकाउंटर स्पेशलिस्ट प्रदीप शर्मा ने ठाणे पुलिस कमिश्नर को अपना इस्तीफा भेज दिया था, हालांकि अभी तक उनके इस्तीफे को स्वीकार नहीं किया गया है।

महाराष्ट्र पुलिस के एनकाउंटर स्पेशलिस्ट कहे जाने वाले प्रदीप शर्मा के बारे में बड़ा दावा किया जा रहा है, 100 से ज्यादा एनकाउंटर कर चुके प्रदीप शर्मा ने अचानक नौकरी से इस्तीफा दे दिया है, दावा किया जा रहा है कि महाराष्ट्र में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव में वो मैदान में उतर सकते हैं, खास बात ये है कि प्रदीप शर्मा पर बीजेपी दांव लगा सकती है।

4 जुलाई को भेजा इस्तीफा
मालूम हो कि बीते 4 जुलाई को एनकाउंटर स्पेशलिस्ट प्रदीप शर्मा ने ठाणे पुलिस कमिश्नर को अपना इस्तीफा भेज दिया था, हालांकि अभी तक उनके इस्तीफे को स्वीकार नहीं किया गया है,
प्रदीप शर्मा फिलहाल ठाणे एंटी एक्सटॉर्शन सेल में सीनियर पुलिस ऑफिसर के पद पर तैनात हैं।

दाऊद के भाई को किया था गिरफ्तार
आपको बता दें कि ठाणे एंटी एक्सटॉर्शन सेल में रहते हुए प्रदीप शर्मा ने एक्सटॉर्शन के मामले में अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के भाई इकबाल कासकर को गिरफ्तार किया था,
जिस पर मकोका के तहत मामला चल रहा है, इसके साथ ही उन्होने बुकी सोनू जालान और इंटरनेशनल डी कंपनी के बेटिंग सिंडिकेट को भी तोड़ा था, जिसमें बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान के भाई अरबाज खान समेत कई नामी कलाकारों के बेटिंग की जानकारी सामने आई थी।

अंडरवर्ल्ड पर टेढी नजर
प्रदीप शर्मा ने जब मुंबई में कदम रखा, तो अंडरवर्ल्ड अपने चरम पर था, दाऊद इब्राहिम, छोटा राजन जैसे नामी अपराधी पुलिस की हिट लिस्ट में थे,
प्रदीप शर्मा ने आते ही इन पर अपनी नजरें टेढी करनी शुरु कर दी, उन्होने दो नामी बदमाशों का एनकाउंटर किया, इसके बाद ही मुंबई में उनका नाम गूंजने लगा, 2008 में प्रदीप पर अंडरवर्ल्ड से जुड़े होने का आरोप लगा, उनका नाम लखन भैया फर्जी एनकाउंटर में भी आया, जिसके बाद उन्हें सस्पेंड कर दिया गया, कुछ समय जेल में रहने के बाद 2009 में कोर्ट ने उन्हें बरी कर दिया, इसके बाद फिर उन्होने मुंबई पुलिस ज्वाइन कर लिया।