बीसीसीआई ने लगाया प्रतिबंध, पृथ्वी शॉ ने बताई पूरी सच्चाई, कहा अपनी किस्मत को स्वीकारता हूं

प्रतिबंध लगने के बाद पृथ्वी ने सफाई देते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, मुझे आज पता चला कि मैं नवंबर के मध्य तक क्रिकेट नहीं खेल पाऊंगा।

अपने डेब्यू टेस्ट की पहली ही पारी में शानदार शतक ठोंकने वाले युवा बल्लेबाज पृथ्वी शॉ पर प्रतिबंध लगा दिया गया है, दरअसल युवा बल्लेबाज डोपिंग टेस्ट में फेल हो गये, जिसके बाद उन पर 15 नवंबर तक के लिये प्रतिबंध लगाया गया है, इंदौर में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के दौरान 22 फरवरी 2019 को पृथ्वी का यूरीन सैंपल लिया गया था, टेस्ट में प्रतिबंधित पदार्थ पाया गया, जिसके बाद बीसीसीआई ने उन पर प्रतिबंध लगाने का फैसला लिया, अब पृथ्वी ने इस पर सफाई दी है, उन्होने बताया कि आखिर उनसे कहां चूक हुई।

पृथ्वी की सफाई
प्रतिबंध लगने के बाद पृथ्वी ने सफाई देते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, मुझे आज पता चला कि मैं नवंबर के मध्य तक क्रिकेट नहीं खेल पाऊंगा,
दरअसल ये एक कफ सिरप में मौजूद प्रतिबंधित पदार्थ की वजह से हुआ, जो मैंने जाने -अनजाने में ले लिया था, पृथ्वी के मुताबिक उन्हें फरवरी में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के दौरान सर्दी-जुकाम हो गया था, उन्होने जल्दबाजी में प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया, उन्होने कहा कि मैं अपने भाग्य को स्वीकारता हूं, मैं अब भी अपनी चोट से जूझ रहा हूं, जो मुझे पिछले टूर्नामेंट के दौरान लगी थी, अब इस खबर ने तो मुझे झकझोर दिया है।

दूसरे खिलाड़ी सबक लेंगे 
पृथ्वी शॉ ने आगे लिखा, मैं इसे स्वीकार करता हूं, मुझे उम्मीद है कि देश के दूसरे खिलाड़ी इससे सबक लेंगे, एथलीट्स को छोटी बिमारियों के लिये दवा लेने में बेहद सावधानी बरतने की आवश्यकता होती है,
फिर चाहे दवा काउंटर पर उपलब्ध हो, लेकिन इसके लिये प्रोटोकॉल का पालन करने की जरुरत है।

समर्थन के लिये धन्यवाद
युवा बल्लेबाज ने आगे लिखा है कि मैं बीसीसीआई और अपने समर्थन में खड़े लोगों को धन्यवाद कहता हूं, क्रिकेट मेरा जीवन है, टीम इंडिया और मुंबई के लिये खेलने से बड़ी चीज कुछ और नहीं है,
मैं जल्दी से मजबूती के साथ वापसी करुंगा, आपके समर्थन के लिये थैंक्यू ।