सेमीफाइनल में मिली हार के सदमे से नहीं उबर पा रहे रविन्द्र जडेजा, अब लिखा भावुक संदेश

सेमीफाइनल में रविन्द्र जडेजा 8वें नंबर पर बल्लेबाजी के लिये आये, उन्होने धोनी के साथ मिलकर 116 रनों की साझेदारी की।

न्यूजीलैंड के खिलाफ आईसीसी विश्वकप के सेमीफाइनल में 59 गेंदों में 77 रनों का शानदार पारी खेलने वाली टीम इंडिया के नये स्टार रविन्द्र जडेजा की हर ओर चर्चा हो रही है। हालांकि जड्डू टीम को जीत नहीं दिला सके, लेकिन उनकी ये पारी उनके क्रिकेट करियर की अभूतपूर्व पारियों में शुमार की जाएगी, चौतरफा तारीफ मिलने से उत्साहित रविन्द्र जडेजा ने एक ट्वीट कर अपनी प्रतिक्रिया जाहिर की है।

जडेजा का ट्वीट
रविन्द्र जडेजा ने ट्विटर पर लिखा, कि खेल ने मुझे हर मुश्किल के बाद संभलना और हिम्मत ना हारना सिखाया है, आप सभी के समर्थन के लिये धन्यवाद,
प्रेरित करते रहिये और मैं आखिर तक लड़ूंगा, आप सभी को प्यार। जडेजा का ये ट्वीट सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

116 रनों की साझेदारी 
सेमीफाइनल में रविन्द्र जडेजा 8वें नंबर पर बल्लेबाजी के लिये आये, उन्होने धोनी के साथ मिलकर 116 रनों की साझेदारी की, हालांकि ये साझेदारी टीम इंडिया के काम नहीं आ सकी,
क्योंकि भारतीय टीम 18 रनों से मैच हार गई, लेकिन जिस अंदाज में जडेजा ने बल्लेबाजी की उसकी खूब तारीफ हो रही है।

जडेजा का कमाल 
सेमीफाइनल में पूरी तरह से रविन्द्र जडेजा छाये रहे, पहले गेंदबाजी और फिल्डिंग में उन्होने कमाल दिखाया, फिर बल्लेबाजी में भी अपनी छाप छोड़ी,
जिस पिच पर सभी बल्लेबाज एक- एक रन के लिये तरस रहे थे, वहां जड्डू ने 77 रनों की तेज तर्रार पारी खेली, जिसमें चार चौके और चार छक्के भी शामिल थे।