इन दिग्गज खिलाड़ियों में से किसी एक को मिल सकता है टीम इंडिया का कोच बनने का मौका, ये नाम रेस में शामिल

आइये एक नजर डालते हैं टीम इंडिया के मुख्य कोच के दावेदारों पर, जो ये पद हासिल कर सकते हैं।

2019 आईसीसी क्रिकेट विश्वकप के सेमीफाइनल से टीम इंडिया के बाहर हो जाने के बाद अब टीम में कुछ बड़े फेरबदल होने वाले हैं, विश्वकप में लगातार दूसरी बार सेमीफाइनल में पहुंच कर बाहर होने की वजह से बीसीसीआई ने मुख्य कोच और सपोर्टिंग कोच का करार नहीं बढाने का फैसला लिया है।
इन पदों के लिये बोर्ड ने आवेदन मंगवाये हैं, इस बार पैमाने कड़े रखे गये हैं, आइये एक नजर डालते हैं टीम इंडिया के मुख्य कोच के दावेदारों पर, जो ये पद हासिल कर सकते हैं।

गैरी कर्स्टन 
2011 में टीम इंडिया को दूसरी बार विश्वकप जीताने वाले कोच गैरी कर्स्टन इसके प्रमुख दावेदार हो सकते हैं, बीसीसीआई द्वारा तय पैमानों पर भी गैरी खरे उतरते हैं,
टीम इंडिया के साथ-साथ बोर्ड से भी गैरी कर्स्टन के काफी अच्छे रिश्ते हैं, इस बात की संभावना काफी ज्यादा है कि गैरी को दोबारा कोच नियुक्त किया जा सकता है, कर्स्टन की उम्र 51 साल है, और उन्हें 101 टेस्ट और 185 वनडे मैचों का अनुभव है, फिलहाल वो आईपीएल में आरसीबी के मुख्य कोच हैं।

टॉम मूडी
पूर्व ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर टॉम मूडी की सबसे बड़ी ताकत उनका अनुभव है, सिर्फ 53 साल की उम्र में वो पिछले 18 साल से टीम को कोचिंग दे रहे हैं,
बतौर खिलाड़ी उन्होने 8 टेस्ट और 76 वनडे मैच खेले हैं, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में मूडी ने श्रीलंकाई टीम को 2007 में कोचिंग देते हुए विश्वकप फाइनल तक पहुंचाया था, इसके अलावा 2012 से वो आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद के कोच हैं, टीम ने 2016 में उनकी कोचिंग में खिताब भी जीता था।

महेला जयवर्धने
श्रीलंका के पूर्व कप्तान महेला जयवर्धने को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 600 से ज्यादा मैच और 25 हजार रन का अनुभव है। उनकी सफलता की कहानी यहीं तक सीमित नहीं है,
पिछले तीन साल से वो आईपीएल में मुंबई इंडियंस के कोच हैं, जिसमें दो बार टीम चैंपियन रही है, साथ ही उनकी उम्र भी महज 42 साल है, इस वजह से टीम के युवा खिलाड़ियों के साथ भी सहज महसूस करेंगे, इसलिये वो ज्यादा फिट बैठ रहे हैं।

बीसीसीआई ने तय किये कड़े पैमाने
मुख्य कोच चुनने के लिये बीसीसीआई ने जो पैमाने तय किये हैं, उनके मुताबिक मुख्य कोच की उम्र 60 साल से कम होनी चाहिये, साथ ही टेस्ट खेलने वाले देश को कम से कम दो साल को कोचिंग देने का अनुभव हो,
या आईपीएल या फिर एसोसिएट देश को तीन साल कोचिंग का अनुभव हो, आवेदक ने 30 टेस्ट मैच या फिर 50 वनडे इंटरनेशनल मैच खेले हों।