हर ओर इस बुजुर्ग महिला फैन की चर्चा, अब आनंद महिंद्रा ने किया बड़ा ऐलान
महिंद्रा के इस ट्वीट पर रिप्लाई करते हुए एक यूजर ने उन्हें सुझाव दिया, कि आप ही उन्हें स्पॉन्सर क्यों नहीं कर देते।
आईसीसी विश्वकप में टीम इंडिया ने बांग्लादेश को करारी शिकस्त दी, इसके साथ ही बांग्लादेश की टीम सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो गई, लेकिन खास बात ये है कि सोशल मीडिया से लेकर चाचा की चाय की दुकान पर चर्चा मैच से ज्यादा स्टेडियम में मौजूद 87 वर्षीय फैन चारुलता पटेल की हो रही है, कप्तान विराट कोहली से लेकर शतकवीर रोहित शर्मा तक ने उनसे मुलाकात की, अब उद्योगपति आनंद महिंद्रा ने चारुलता जी को लेकर एक बड़ी घोषणा कर दी है।आनंद महिंद्रा का ट्वीट
मैच के दौरान ही बुजुर्ग प्रशंसक चारुलता जी की चर्चा शुरु हुई, महिन्द्रा एंड महिंद्रा के प्रमुख आनंद महिंद्रा ने ट्विटर पर लिखा, अपनी परंपरा के अनुसार मैं मैच नहीं देख रहा था,
लेकिन अब इस महिला के लिये टीवी ऑन कर चुका हूं, वो एक मैचविनर की तरह नजर आ रही हैं, बाद में आनंद महिंद्रा ने एक यूजर के कमेंट पर लिखा, पता लगाइये कौन हैं ये महिला, वादा करता हूं कि टीम इंडिया के अगले जितने भी मैच होंगे, उसके लिये इनके टिकट का बंदोबस्त मैं करुंगा।
मुफ्त में टिकट दीजिए
दरअसल आनंद महिंद्रा का ये ट्वीट भी एक ट्वीट के आधार पर आया, जिसमें लिखा था कि ओके आखिरी ओवर का मैच देखा, जिसमें भरपूर जरुरी ड्रामा था, सबसे बेहतरीन जीत वो होती है,
जो शुरुआत में नाखून चबाने पर मजबूर कर दे, फिर आखिर में ऐसा लगे, कि ये तो आसान था, शाबाश, टीम इंडिया, और ये सुनिश्चित कीजिए, कि वो मैच जीतने वाली महिला सेमीफाइनल और फाइनल में भी मौजूद रहें, उन्हें मुफ्त में टिकट दीजिए।
आनंद महिंद्रा का ऐलान
महिंद्रा के इस ट्वीट पर रिप्लाई करते हुए एक यूजर ने उन्हें सुझाव दिया, कि आप ही उन्हें स्पॉन्सर क्यों नहीं कर देते, बस फिर क्या था, उन्होने तुरंत ऐलान कर दिया,
कि इस विश्वकप के आगे के मुकाबलों में चारुलता जी के लिये वो टिकट का बंदोबस्त करेंगे। आपको बता दें कि 87 वर्षीय बुजुर्ग महिला व्हील चेयर पर बैठकर मैच देखने स्टेडियम पहुंची थी, इस दौरान ना सिर्फ वो टीम इंडिया को चीयर करती दिखी,. बल्कि जमकर वुवुजेला भी बजाया। उनके इस जज्बे को देख हर कोई उन्हें सलाम कर रहा है।
विराट-रोहित ने की मुलाकात
मैच के बाद भारतीय कप्तान विराट कोहली ने उनसे मुलाकात की, तो मैच के हीरो शतवीर रोहित शर्मा ने भी उनसे आशीर्वाद लिया।
चारुलता जी ने कहा कि विश्वकप टीम इंडिया ही जीतेगी, वो सालों से भारतीय टीम को सपोर्ट कर रही हैं, जब अफ्रीका में रहती थी, तब से क्रिकेट देख रही हैं, हालांकि तब काम करती थी, इस वजह से घर पर टीवी पर मैच देखती थी, अब रिटायर हो चुकी हैं, तो मैच देखने स्टेडियम पहुंची हैं।



