अगले 48 घंटे में धोनी के भविष्य का फैसला, चयनकर्ता करेंगे पूर्व कप्तान से बात

कहा जा रहा है कि वेस्टइंडीज दौरे के लिये महेन्द्र सिंह धोनी का चयन नहीं किया जाएगा, चयनकर्ता उनसे संन्यास के मुद्दे पर बातचीत कर सकते हैं।

आईसीसी विश्वकप 2019 खत्म हो चुका है, टीम इंडिया सेमीफाइनल में हार कर टूर्नामेंट से बाहर हुई थी, अब भारतीय टीम को  वेस्टइंडीज दौरे पर जाना है, वहां के लिये टीम सलेक्शन 19 जुलाई को होना है, लेकिन उससे पहले पूर्व कप्तान धोनी को लेकर खूब हायतौबा मच रही है, मीडिया रिपोर्ट के अनुसार धोनी अगले 48 घंटे में कोई बड़ा ऐलान कर सकते हैं, माना जा रहा है कि धोनी से चयनकर्ता बात करेंगे और उनके रिटायरमेंट प्लान के बारे में पूछेंगे।

धोनी के चयन पर सस्पेंस 
कहा जा रहा है कि वेस्टइंडीज दौरे के लिये महेन्द्र सिंह धोनी का चयन नहीं किया जाएगा, चयनकर्ता उनसे संन्यास के मुद्दे पर बातचीत कर सकते हैं, इसके बाद उनके भविष्य को लेकर फैसला होगा।
दरअसल विश्वकप के दौरान धोनी ने कुछ पारियां धीमी खेली, जिसकी वजह से उनकी बल्लेबाजी पर सवाल उठने शुरु हो गये हैं।

इशारों में संकेत 
अंग्रेजी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार पूरे विश्वकप में धोनी की धीमी बल्लेबाजी को देखते हुए मुख्य चयनकर्ता एमएसके प्रसाद ने उनसे बात करने का फैसला लिया है,
उन्होने कहा कि अगर माही खुद संन्यास नहीं लेते हैं, तो फिर उनसे टीम उनके प्लान के बारे में बात करेगी, यानी इशारों में उन्होने संकेत दे दिये हैं कि धोनी की बल्लेबाजी को देखकर टीम में अब उनका स्थान पक्का नहीं है।

वेस्टइंडीज दौरा 
टीम इंडिया इसी महीने वेस्टइंडीज दौरे पर जाएगी, जहां 3 अगस्त से टी-20 सीरीज शुरु होना है, इस दौरे पर भारतीय टीम को तीन टी-20, तीन वनडे और दो टेस्ट मैच खेलने हैं।
कहा जा रहा है इस दौरे पर नई टीम इंडिया जाएगी, विराट कोहली और जसप्रीत बुमराह को आराम दिया गया है, तो शिखर धवन और धोनी का जाना भी मुश्किल लग रहा है।