सिद्धू को मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी, नाम लगभग फाइनल, प्रियंका गांधी बना रही रणनीति

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी खुद रणनीति बना रही हैं, वो चाहती हैं कि सिद्धू अब दिल्ली कांग्रेस की बागडोर संभालें, सिद्धू के दिल्ली में रहने से कांग्रेस को एक अच्छा वक्ता मिल जाएगा।

पूर्व क्रिकेटर और कांग्रेस के स्टार कैम्पेनर नवजोत सिंह सिद्धू दिल्ली कांग्रेस के अगले अध्यक्ष हो सकते हैं, सिद्धू को दिल्ली लाने की बात जोरों-शोरों से चल रही है, कांग्रेस के एक बड़े नेता ने एक निजी न्यूज चैनल से बात करते हुए दावा किया, कि सिद्धू को दिल्ली लाने के लिये मनाया जा रहा है, क्योंकि दिल्ली में अगले साल विधानसभा चुनाव हैं, सिद्धू अच्छे वक्ता हैं, साथ ही पंजाबी वोटर्स के साथ दिल्ली के स्थानीय लोगों पर भी सिद्धू का अलग क्रेज है।

प्रियंका बना रही रणनीति
बताया जा रहा है कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी खुद रणनीति बना रही हैं, वो चाहती हैं कि सिद्धू अब दिल्ली कांग्रेस की बागडोर संभालें,
सिद्धू के दिल्ली में रहने से कांग्रेस को एक अच्छा वक्ता मिल जाएगा, वो पार्टी संभालने के साथ-साथ दिल्ली में रहकर मोदी सरकार को भी घेरने का काम करेंगे।

दिल्ली कांग्रेस 
पूर्व सीएम शीला दीक्षित के अचानक निधन हो जाने के बादे दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष पद खाली है, कांग्रेसी नेताओं की अंदरुनी लड़ाई ने हाईकमान को सोचने पर विवश कर दिया है कि किसे जिम्मेदारी सौंपी जाए,
उन्हें लग रहा है कि कोई बाहरी आदमी ही गुटबाजी को खत्म कर सकता है, ऐसे में प्रियंका गांधी की नजर सिद्धू पर है, वो उन्हें दिल्ली में पद संभालने के लिये मनाने में लगी हुई हैं।

कैप्टन से खटपट
वैसे भी पंजाब में सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह और सिद्धू के बीच बन नहीं रही है, दोनों खुलकर एक-दूसरे के खिलाफ बयानबाजी भी कर रहे हैं,
हाल ही में सिद्धू ने कैप्टन कैबिनेट से इस्तीफा भी दे दिया है, अब कहा जा रहा है कि कांग्रेस हाईकमान डैमेज कंट्रोल में लगी हुई है, कि किसी तरह से पूरे मामले को संभाला जाए।