टीम इंडिया के बाद टीम मोदी का हिस्सा बनेंगे महेन्द्र सिंह धोनी, पासवान का दावे से चढा सियासी पारा

पूर्व केन्द्रीय मंत्री संजय पासवान ने एक निजी न्यूज चैनल से बात करते हुए दावा किया, कि उन्होने बीजेपी में शामिल होने के संबंध में कई बार पूर्व कप्तान से मुलाकात की।

पूर्व सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर के बीजेपी ज्वाइन करने के बाद अब कैप्टन कूल को लेकर भी कयास लगने शुरु हो गये हैं, बीजेपी सांसद और पूर्व केन्द्रीय मंत्री संजय पासवान ने दावा किया है कि धोनी रिटायरमेंट के बाद जल्द ही टीम मोदी का हिस्सा बनने जा रहे हैं, पासवान के मुताबिक बातचीत काफी पहले से चल रही थी, लेकिन अब कोशिशें रंग लाती दिख रही है, संन्यास की घोषणा के बाद धोनी बीजेपी ज्वाइन कर सकते हैं।

क्या है दावा 
पूर्व केन्द्रीय मंत्री संजय पासवान ने एक निजी न्यूज चैनल से बात करते हुए दावा किया, कि उन्होने बीजेपी में शामिल होने के संबंध में कई बार पूर्व कप्तान से मुलाकात की,
धोनी जल्द ही रिटायरमेंट का ऐलान कर बीजेपी की सदस्यता ग्रहन करेंगे, संजय पासवान ने कहा कि क्रिकेट के जरिये धोनी ने देश की काफी सेवा कर ली है, वो समाज और देश सेवा के लिये वो राजनीति में आने वाले हैं।

अंतिम फैसला नहीं
हालांकि संजय पासवान ने ये भी स्पष्ट कहा है कि महेन्द्र सिंह धोनी ने इस बारे में अभी तक कोई अंतिम फैसला नहीं लिया है, बीजेपी ने लोकसभा चुनावों से पहले संपर्क फॉर समर्थन नाम से अभियान शुरु किया था,
जिसके तहत बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने धोनी से मुलाकात की थी, हालांकि शाह ने इसे औपचारिक मुलाकात बताया था, लेकिन अब संजय पासवान के दावे के बाद सियासी पारा उफान मार रहा है।

कई क्रिकेटर आ चुके हैं राजनीति में
अगर धोनी भी राजनीति में आने का फैसला लेते हैं, तो वो भी उन क्लब में शामिल हो जाएंगे, जिन्होने पहले  क्रिकेट में करिश्मा दिखाया, फिर राजनीति में उतरने का फैसला लिया,
धोनी से पहले चेतन चौहान, कीर्ति आजाद, नवजोत सिंह सिद्धू, मोहम्मद अजहरुद्दीन, गौतम गंभीर जैसे खिलाड़ी उतर चुके हैं।