अंबाती रायडू ने संन्यास के बाद लिया मैदान पर लौटने का फैसला, इस टीम में मिली जगह
इंग्लैंड में खेले गये आईसीसी विश्वकप के लिये चुनी गई टीम में अंबाती को जगह नहीं दिया गया था, जिसके बाद उन्होने संन्यास का ऐलान कर दिया था।
टीम इंडिया के पूर्व बल्लेबाज अंबाती रायडू ने पिछले दिनों आईसीसी विश्वकप टीम में जगह नहीं मिलने के बाद अचानक क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया था, एक बार फिर से अंबाती रायडू का नाम चर्चा में है, इस बार कोई विवाद नहीं बल्कि चर्चा संन्यास के बाद मैदान पर वापसी को लेकर हो रही है।मैदान पर वापसी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अंबाती रायडू जल्द ही मैदान पर वापसी करने जा रहे हैं, 19 अगस्त से चेन्नई में शुरु होने जा रहे टीएनसीए वनडे टूर्नामेंट पार्थसार्थी ट्रॉफी में अंबाती भी खेलते दिखेंगे,
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने के बाद वो पहली बार किसी टूर्नामेंट में खेलते दिखेंगे।
संन्यास के पीछे क्या था विवाद
इंग्लैंड में खेले गये आईसीसी विश्वकप के लिये चुनी गई टीम में अंबाती को जगह नहीं दिया गया, जबकि पिछले डेढ साल से वो चौथे नंबर पर खेल रहे थे,
चौथे नंबर पर उनकी जगह ऑलराउंडर विजय शंकर को मौका दिया गया, मुख्य चयनकर्ता एमएसके प्रसाद ने विजय शंकर को थ्री डायमेंशन प्लेयर कहा था, इस पर रायडू ने तंज भरा ट्वीट किया था, फिर विश्वकप के दौरान विजय शंकर के चोटिल होने के बाद मयंक अग्रवाल को मौका दिया गया, रायडू को तब भी नहीं चुने जाने पर निराशा हुई और उन्होने संन्यास का ऐलान कर दिया।
टी-20 लीग में खेल सकते हैं अंबाती
इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास के बाद खबर आई थी कि ग्लोबल टी-20 लीग में अंबाती खेल सकते हैं, स्टार क्रिकेटर युवराज सिंह ने संन्यास के बाद टी-20 लीग का रुख किया,
वैसे बीसीसीआई के प्रशासन समिति ने हाल ही में कहा कि युवराज को विशेष तौर पर विदेशी लीग में खेलने की अनुमति मिली है, बाकी भारतीय खिलाडियों को इसकी इजाजत नहीं है।


