16 साल से पिता कर रहा था यौन शोषण, मां देती थी गर्भनिरोधक गोली, ऐसे खुली पोल
एनजीओ प्रभारी ने बताया कि युवती का कहना है कि जब वो 6 साल की थी, तब से ही उसके पिता उसके साथ यौन शोषण कर रहे हैं।
यूपी की राजधानी लखनऊ में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है, लखनऊ के चिनहट इलाके में रहने वाली एक 22 वर्षीय युवती ने अपने पिता पर बलात्कार करने का आरोप लगाया है, पीड़िता का कहना है कि पिछले सोलह साल से उसके पिता उसके साथ बलात्कार कर रहे हैं, इस अपराध में उसकी मां की भी सहमति थी, वो उसे गर्भनिरोधक गोलियां देती रही, पीड़िता इसी को किस्मत मानकर चुपचाप सहती रही, पीड़िता ने तब मुंह खोला, जब उसके पिता ने उसकी छोटी बहन के साथ भी यौन शोषण शुरु कर दिया।पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज
पीड़िता की शिकायत के बाद 44 वर्षीय आरोपी पिता के खिलाफ अपनी दो बेटियों के साथ दुष्कर्म करने और यौन शोषण के आरोप में प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रन फ्रॉम सेक्सुएल ऑफेन्सेज (पोक्सो) एक्ट, 2012 के तहत मामला दर्ज किया गया है,
आरोपी पिता फरार चल रहा है, पुलिस ने मां को अपराध को बढावा देने के आरोप में गिरफ्तार किया है, पुलिस ने दोनों बहनों को मजिस्ट्रेट के सामने बयान भी दर्ज करा दिया है।
छोटी बेटी पर थी बुरी नजर
दरअसल जब पीड़िता को पता चला कि उसके पिता की बुरी नजर अब उसकी छोटी बहन पर है, तो उसने एक एनजीओ से संपर्क किया,
जिसके बाद पुलिस की मदद से दोनों बहनों को उसके घर से रेस्क्यू किया गया, बड़ी बेटी को बालिग होने की वजह से वापस घर भेज दिया गया है, जबकि छोटी बेटी नाबालिग होने की वजह से शेल्टर होम में है, एसएचओ सचिन सिंह ने बताया कि पिता पर बलात्कार सहित पोस्को एक्ट 8 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
6 साल की उम्र से बलात्कार
एनजीओ प्रभारी ने बताया कि युवती का कहना है कि जब वो 6 साल की थी, तब से ही उसके पिता उसके साथ यौन शोषण कर रहे हैं, इतना ही नहीं मां को सबकुछ पता होते हुए भी पति का साथ दिया,
वो अपनी बेटी को गर्भनिरोधक गोली देती रही, लेकिन जब पिता ने छोटी बेटी के साथ भी जबरदस्ती शुरु कर दी, तो बड़ी बहन बर्दाश्त नहीं कर सकी और खुलकर सामने आ गई, उसने पहले पूरी कहानी अपने प्रिंसिपल को सुनाई, उसके बाद एनजीओ से संपर्क किया, पीड़िता के मुताबिक उसके दोनों भाई, किरायेदार और कुछ रिश्तेदारों को भी ये बात पता थी, लेकिन किसी ने कुछ नहीं किया।


