मजदूर बन कर रह रहा था आतंकी, दबोचने के लिये NIA अधिकारी बन गये सब्जी बेचने वाला

एनआईए को अपने विश्वसनीय सूत्रों से जानकारी मिली, कि जाहिरुल शेख अभी मध्य प्रदेश में रह रहा है, वो वहां वेश बदलकर रह रहा था।

स्वतंत्रता दिवस से ठीक दो दिन पहले राष्ट्रीय जांच एजेंसी एनआईए ने मध्य प्रदेश के इंदौर से जाहिरुल शेख को पकड़ा है, जाहिरुल साल 2014 में पश्चिम बंगाल के वर्धमान में हुए बम धमाके का आरोपी है, लेकिन जाहिरुल को पकड़ना एनआईए के लिये इतना भी आसान नहीं था, पिछले काफी समय से एजेंसी इस आतंकी के तलाश में थी, लेकिन वो बार-बार अपना ठिकाना बदल रहा था।

वेश बदल कर रह रहा था 
एनआईए को अपने विश्वसनीय सूत्रों से जानकारी मिली, कि जाहिरुल शेख अभी मध्य प्रदेश में रह रहा है, वो वहां वेश बदलकर रह रहा था, वो वहां पर मजदूर और एक पेंटर के वेश में छिपा हुआ था,
जाहिर है कि उसकी सही पहचान कर उसे दबोचना एनआईए के लिये किसी चुनौती से कम नहीं था, लिहाजा एजेंसी ने उसे पकड़ने के लिये पूरी रणनीति तैयार की, यहां तक कि इस ऑपरेशन में मध्य प्रदेश पुलिस को भी शामिल नहीं किया।

दो साल से रह रहा था 
एडीजी वरुण कपूर ने मीडिया को बताया कि इंदौर के जिस मकान में जाहिरुल शेख रहता था, उसके मकान मालिक ने किरायेदार का वेरिफिकेशन नहीं कराया था,
शेख वहां पिछले दो सालों से रह रहा था, वो अलग-अलग जगहों पर मजदूर  बनकर काम करता था, कोहिनूर कॉलोनी के जिस इलाके में आतंकी रह रहा था, उस इलाके में एनआईए के अधिकारियों ने वेश बदलकर सब्जी बेचना शुरु कर दिया, ताकि उस पर नजर रखी जा सके, हाथ ठेले पर सब्जी बेचने के बहाने अधिकारी उस इलाके में घूमने लगे और जाहिरुल के बारे में हर छोटी बड़ी जानकारी हासिल करने लगे।

जाल बिछाकर दबोचा 
इसका बाद एनआईए ने जाल बिछाकर जाहिरुल को दबोचा, मालूम हो कि आतंकी जाहिरुल पश्चिम बंगाल के नादिया का रहना वाला है, वो आतंकी संगठन जमात-उल मुजाहिद का सक्रिय सदस्य है,
उसने आतंकी विस्फोट और हथियार चलाने की ट्रेनिंग ले रखी है, आशंका जताई जा रही है, कि ये खूंखार आतंकी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिये इंदौर में रुका हुआ था, फिलहाल एजेंसी के अधिकारी उससे पूछताछ कर रहे हैं।