योगी सरकार का पहला मंत्रिमंडल विस्तार, मौर्य को मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी, इन मंत्रियों से लिया गया इस्तीफा

करीब 10 मंत्रियों के विभाग बदले जा सकते हैं, जिसमें स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह समेत कई बड़े नाम शामिल हैं, अमित शाह के करीबी श्रीकांत शर्मा को पदोन्नति मिल सकती है।

योगी सरकार का पहला कैबिनेट विस्तार आज 11 बजे लखनऊ के राजभवन में होगा, रिपोर्ट्स के मुताबिक मंत्रिमंडल विस्तार में 17 नये चेहरे शामिल होंगे, तो पांच स्वतंत्र प्रभार वाले मंत्रियों को प्रमोट कर कैबिनेट रैंक दिया जा सकता है, इसके साथ ही दो राज्य मंत्रियों को स्वतंत्र प्रभार मिल सकता है, यानी योगी सरकार में 23 से 24 मंत्री आज शपथ ले सकते हैं, नये मंत्रियों की सूची राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को पहले ही भेजी जा चुकी है, इतना ही नहीं 10 मंत्रियों के विभाग भी बदले जा सकते हैं, जिसमें डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का नाम भी शामिल है।

नये चेहरों पर दांव
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आज शपथ लेने वाले संभावित मंत्रियों की सूची में श्रीराम चौहान, आनंद शुक्ला, नीलिमा कटियार, अशोक कटियार, सतीश चंद्र द्विवेदी,
चंद्रिका उपाध्याय, जीएस धर्मेश, महेश चंद्र गुप्ता, विनय शाक्य, विजय कश्यप, रामनरेश अग्निहोत्री, दल बहादुर कोरी, रामशंकर पटेल, कपिल देव अग्रवाल और रविन्द्र जायसवाल का नाम शामिल है, साथ ही अपना दल से आशीष पटेल को भी मंत्री बनाया जा सकता है।

इन्हें मिल सकता है प्रमोशन 
चार या पांच स्वतंत्र प्रभार वाले मंत्रियों को कैबिनेट मंत्री बनाया जा सकता है, जिसमें ग्रामीण विकास मंत्री महेन्द्र सिंह, पंचायती राज मंत्री चौधरी भूपेन्द्र सिंह,
गन्ना विकास मंत्री सुरेश राणा, होमगार्ड व पिछड़ा कल्याण मंत्री अनिल राजभर तथा परती व भूमि विकास मंत्री उपेंद्र तिवारी का नाम शामिल है, इसके अलावा सूचना राज्यमंत्री नीलकंठ तिवारी और नगर विकास राज्यमंत्री गिरिश यादव को स्वतंत्र प्रभार मिल सकता है, इन सभी के बेहतर प्रदर्शन को देखते हुए इनका प्रमोशन हो सकता है।

मंत्रियों के बदले जाएंगे विभाग
करीब 10 मंत्रियों के विभाग बदले जा सकते हैं, जिसमें स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह समेत कई बड़े नाम शामिल हैं, अमित शाह के करीबी श्रीकांत शर्मा को पदोन्नति मिल सकती है,
उन्होने ऊर्जा मंत्री के रुप में अच्छा काम किया है, इसके अलावा डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को भी बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है, सुरेश राणा और सतीश महाना का भी विभाग बदला जा सकता है।

विस्तार से पहले इस्तीफा  
योगी सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार से पहले कई मंत्रियों ने अपना इस्तीफा भी दिया, वित्त मंत्री राजेश अग्रवाल ने बढती उम्र और स्वास्थ्य का हवाला देते हुए इस्तीफा दे दिया,
तो बेसिक शिक्षा मंत्री अनुपमा जायसवाल को खराब प्रदर्शन की वजह से इस्तीफा देना पड़ा, इनके अलावा खनन मंत्री अर्चना पांडेय और सिंचाई मंत्री धर्मपाल सिंह से भी इस्तीफा ले लिया गया है, इन सबसे पहले परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) स्वतंत्र देव सिंह ने इस्तीफा दिया, उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है, सभी मंत्रियों का इस्तीफा स्वीकार किया जा चुका है।