दिल्ली में चालान के डर से कंडोम लेकर घूम रहे हैं कैब ड्राइवर, पढिये पूरी खबर

कैब ड्राइवर ने बताया कि फर्स्ट एड किट्स में अन्य दवाओं के साथ कंडोम लेकर चलना होगा, अगर बॉक्स में कंडोम नहीं मिलता है, तो फिर यातायात पुलिस चालान काट देती है।

दिल्ली में कैब ड्राइवर चालान के डर से फर्स्ट एड बॉक्स में कंडोम लेकर चल रहे हैं, जी हां, दिल्ली के कैब ड्राइवरों का कहना है कि कंडोम नहीं होने की वजह से उनका चालान काटा जा सकता है, हालांकि दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के विशेष आयुक्त ताज हसन ने इस नियम की सच्चाई बताई, जो इससे बिल्कुल अलग है।

कैब ड्राइवर का दावा
एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार कई कैब ड्राइवर ने बताया कि फर्स्ट एड किट्स में अन्य दवाओं के साथ कंडोम लेकर चलना होगा, अगर बॉक्स में कंडोम नहीं मिलता है,
तो फिर यातायात पुलिस चालान काट देती है, कमलेश नाम के ड्राइवर ने दावा किया, कि हमने कभी भी कैब में कंडोम रखने का कारण पुलिस से तो नहीं पूछा, लेकिन अगर फर्स्ट एड बॉक्स में ये नहीं मिलता है, तो चालान कट जाता है।

कट चुका है चालान
एक और कैब ड्राइवर रमेश कुमार ने दावा करते हुए कहा कि उसका इस सिलसिले में एक बार चालान कट भी चुका है, लेकिन दिल्ली में नहीं,
रमेश के मुताबिक जयपुर में एक ट्रैफिक पुलिस वाले ने फर्स्ट एड बॉक्स में कंडोम नहीं मिलने पर उनकी गाड़ी का चालान काटा था, एक अन्य कैब ड्राइवर अजय ने बताया कि मैं फर्स्ट एड बॉक्स में कंडोम लेकर चलता हूं, ये कुछ समय के लिये रिसाब को रोक सकता है, हालांकि चेकिंग के दौरान कभी किसी ने भी मुझसे इसे दिखाने को नहीं कहा।

पुलिस ने किया इंकार
दूसरी ओर इस मामले में यातायात के स्पेशल पुलिस कमिश्नर ताज हसन ने सफाई देते हुए कहा कि मोटर व्हीकल एक्ट में कंडोम को लेकर कोई खास चर्चा नहीं है,
हम फर्स्ट एड बॉक्स में कंडोम नहीं होने पर चालान नहीं काट रहे हैं और ना काट सकते हैं।