मनोज बाजपेयी की वेबसीरीज पर RSS की टिप्पणी, जेहाद का नया रुप, गुजरात को लेकर कही बड़ी बात

रोजमर्रा की जिंदगी में घट रही घटनाओं पर आधारित वेब सीरीज द फैमिली मैन लगातार चर्चा में बनी हुई है, इसमें धार्मिक अतिवाद और आतंकवाद के पीछे के कारण को बताया गया है।

बॉलीवुड एक्टर मनोज बाजपेयी की वेब सीरीज द फैमिली मैन रिलीज के साथ ही विवादों में है, सोशल मीडिया पर कुछ लोग इसकी तारीफ कर रहे हैं, तो कुछ कड़ी आलोचना कर रहे हैं, इन सबके बीच राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ के मुख्यपत्र पांचजन्य ने इसे जेहाद का नया तरीका बताते हुए निशाना साधा है, इसके बाद नई बहस ने जन्म ले लिया है।

जेहाद का नया तरीका 
रोजमर्रा की जिंदगी में घट रही घटनाओं पर आधारित वेब सीरीज द फैमिली मैन लगातार चर्चा में बनी हुई है, इसमें धार्मिक अतिवाद और आतंकवाद के पीछे के कारण को बताया गया है,
मुख्य किरदार निभा रहे मनोज बाजपेयी की अदाकारी की खूब तारीफ हो रही है, लेकिन आरएसएस के मुख्यपत्र में छपे एक ऑर्टिकल ने इसे जेहाद का नया तरीका बताया है।

क्या है विवाद
पांचजन्य में छपे लेख के अनुसार इस वेब सीरीज में एनआईए से संबंधित एक महिला अधिकारी को अपने साथी अधिकारी से श्रीनगर के लाल चौक पर बात करते हुए दिखाया गया है,
जिसमें कहा जा रहा है कि स्पेशल एक्ट के दम पर कश्मीरियों को दबाया जा रहा है, जब मन करता है, फोन और इंटरनेट बंद कर देते हैं, यहां के लोग रहमो-करम पर जी रहे हैं, किसी को भी खुलकर आजादी से जीने ना देना जुल्म नहीं तो आखिर क्या है, AFSPAके कानून के चलते उनके हालात अच्छे नहीं हैं।

डिजिटल का इस्तेमाल
इसी लेख में आगे कहा गया है कि फिल्मों और टीवी सीरियलों के बाद अब भारत विरोध और जेहाद का ये नया तरीका है,
बीते कुछ सालों में देश विरोधी एजेंडा चलाने के लिये डिजिटल माध्यम का भरपूर इस्तेमाल हो रहा है, ये लोग युवाओं के लिये आतंकियों को कूल और फैशनेबल दिखाने की कोशिश करते हैं, वामपंथियों और कांग्रेस की झुकाव वाले प्रोड्यूसर्स ऐसे कंटेंट को प्रमोट करते हैं।

गुजरात का भी जिक्र
इस लेख में कहा गया है, कि वेब सीरीज के मुताबिक 2002 गुजरात दंगे की वजह से आतंक की समस्या उत्पन्न हुई, एक चरित्र जो आतंक में बदल जाता है,
दंगों में उसके माता-पिता को खोते हुए दिखाया जाता है, पांच्जन्य में पूछा गया है कि इसमें तीन सौ से ज्यादा हिंदू भी मारे गये थे, लेकिन फिर भी किसी ने आतंक की ओर कदम क्यों नहीं बढाये।