हरियाणा बीजेपी अध्यक्ष का बड़ा बयान, बेटा-बेटी के टिकट पर कही ये बात, कांग्रेस कल्चर हावी नहीं
हरियाणा बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि ये हमारा सौभाग्य है कि बीजेपी में टिकट के दावेदारों की लंबी सूची है, ये हर राजनीतिक पार्टी को नसीब नहीं होता।
हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिये रणभेरी बज चुकी है, बीजेपी में टिकट के लिये घमासान मचा हुआ है, हजारों की संख्या में संभावित उम्मीदवार टिकट की मांग कर रहे हैं, इस छोटे से प्रदेश में केन्द्र में तीन मंत्री हैं, तीनों अपने बेटे-बेटियों के लिये टिकट चाहते हैं, लेकिन एक न्यूज चैनल से बात करते हुए बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा कि बेटा-बेटी को टिकट नहीं मिलेगा, बल्कि कर्मठ कार्यकर्ताओं को तरजीह दी जाएगी।बेटा-बेटी को टिकट नहीं
सुभाष बराला ने कहा कि विधानसभा चुनाव को लेकर रविवार को चुनाव समिति की मैराथन बैठक हुई, प्रत्याशियों के नाम केन्द्रीय संसदीय बोर्ड फाइनल करेगा,
जहां तक सांसदों, विधायकों और मंत्रियों के बेटा-बेटी को टिकट दिये जाने का सवाल है, तो केन्द्रीय नेतृत्व पहले ही साफ कर चुका है, कि किसी भी मंत्री या सांसद के परिवार को टिकट नहीं मिलेगा, इसी तरह जो नेता 75 पार हो चुके हैं, उनकी जगह दूसरों को मौका मिलेगा, यदि बहुत जरुरी ना हो, तो मेयर और जिला परिषदों के चेयरमैन को भी टिकट नहीं मिलेगा।
दूसरे दलों के बागियों के साथ भी समानता का व्यवहार
इनेलो के 10 और बसपा के एक मात्र विधायक बीजेपी में शामिल हो चुके हैं, ये सब अपने-अपने क्षेत्र से टिकट का दावा ठोंक रहे हैं,
सुभाष बराला ने कहा कि जब कोई दूसरी पार्टी छोड़कर बीजेपी में शामिल हो गया, तो वो पार्टी का सिपाही है, टिकट को लेकर हम जो विचार बीजेपी के विधायकों के बारे में कर रहे हैं, वैसा ही नये लोगों यानी दूसरी पार्टी से आये विधायकों के बारे में भी करेंगे।
सौभाग्य की बात
हरियाणा बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि ये हमारा सौभाग्य है कि बीजेपी में टिकट के दावेदारों की लंबी सूची है, ये हर राजनीतिक पार्टी को नसीब नहीं होता,
जिस पार्टी में जनता की आस्था है, जो जनता के लिये काम कर रही है, उसमें दूसरी राजनीतिक पार्टी के लोग भी आना चाहते हैं, ये हमारी ताकत है, इन्हीं की बदौलत हम 90 में से 75 से ज्यादा सीटें जीतकर रिकॉर्ड बनाएंगे।


