कांग्रेस में मची खलबली, पूर्व मंत्री ने पार्टी से दिया इस्तीफा, लगाये गंभीर आरोप

मतभेदों के बाद सिद्धू ने कैप्टन मंत्रिमंडल से भी इस्तीफा दे दिया, पंजाब में चार सीटों पर उपचुनाव हुए, स्टार प्रचारकों में नाम होने के बावजूद सिद्धू ने पार्टी के लिये प्रचार नहीं किया।

पंजाब में कांग्रेस को जोरदार झटका लगा है, पूर्व मंत्री और पंजाब कांग्रेस की कद्दावर नेता नवजोत कौर सिद्धू ने कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया है, पार्टी को अलविदा कहने के बाद नवजोत ने कहा कि मैं अब किसी भी राजनीतिक पार्टी से संबंध नहीं रखती, मैंने सबकुछ छोड़ दिया है, अब मैं सिर्फ एक सामाजिक कार्यकर्ता हूं।

सीएम पर आरोप 
नवजोत कौर का इस्तीफा पंजाब कांग्रेस की अंदरुनी कलह को उजागर कर रहा है, इससे पहले लोकसभा चुनाव के दौरान सिद्धू की पत्नी ने सीएम और कांग्रेस प्रभारी आशा कुमारी पर टिकट कटवाने का आरोप लगाया था, नवजोत चंडीगढ लोकसभा से टिकट मांग रही थी,
लेकिन पार्टी ने पूर्व केन्द्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल को उम्मीदवार बनाया था। नवजोत कौर सिद्धू बीजेपी-अकाली सरकार में बीजेपी के कोटे से स्वास्थ्य मंत्री थी।

सीएम के कान भरे 
नवजोत सिंह सिद्धू और सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह के बीच संबंध अच्छे नहीं माने जाते हैं, सिद्धू और कैप्टन के रिश्ते पर नवजोत कौर ने कहा कि सिद्धू हमेशा सच बोलने वाला बंदा है,
वो सच ही बोलेगा, लेकिन कुछ मंत्रियों ने सीएम अमरिंदर सिंह  के कान भर दिये, जिस पर सीएम ने भी भरोसा कर लिया, इसी वजह से दोनों के रिश्ते ठीक नहीं हैं।

सिद्धू ने प्रचार नहीं किया
आपको बता दें कि मतभेदों के बाद सिद्धू ने कैप्टन मंत्रिमंडल से भी इस्तीफा दे दिया, पंजाब में चार सीटों पर उपचुनाव हुए, स्टार प्रचारकों में नाम होने के बावजूद सिद्धू ने पार्टी के लिये प्रचार नहीं किया,
इन दिनों राजनीतिक रुप से सिद्धू कुछ खास सक्रिय नहीं दिख रहे हैं।