लिव इन पार्टनर ने ही कराई थी रागिनी गायिका सुषमा की हत्या, जानिये पूरी कहानी

यूपी पुलिस का दावा है कि सुषमा की हत्या उसके लिव इन पार्टनर ने कराई थी, इसके लिये उसने शूटरों को सुपारी दी थी।

यूपी के ग्रेटर नोएडा में रागिनी गायिका सुषमा की हत्या मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है, नोएडा में हुए सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने 6 लोगों को गिरफ्तार किया है,
जिन्होने सुपारी लेकर सुषमा की हत्या की थी, पुलिस का कहना है कि सुषमा की हत्या उसके लिव इन पार्टनर ने ही कराई थी, मामले में खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि संपत्ति और पैसे के लिये सुषमा अपने लिव इन पार्टनर गजेन्द्र भाटी को ब्लैकमेल कर रही थी, जिसके बाद उसने सुषमा की हत्या की साजिश रची।

पुलिस ने किया गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार अब तक इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिसमें 2 शॉर्प शूटरों और सुषमा के लिव इन पार्टनर गजेन्द्र भाटी को गिरफ्तार किया गया है,
एसएसपी कृष्ण वैभव ने बताया कि 1 अक्टूबर बीटा 2 थाना क्षेत्र में रागिनी गायिका सुषमा को गोली मारी गई थी, लिहाजा पुलिस इस मामले की जांच कर रही थी, ये एक हाईप्रोफाइल मामला था, जिसे लेकर नोएडा से लेकर लखनऊ तक चर्चा थी।

लिव इन पार्टनर ने कराई हत्या 
यूपी पुलिस का दावा है कि सुषमा की हत्या उसके लिव इन पार्टनर ने कराई थी, इसके लिये उसने शूटरों को सुपारी दी थी, पुलिस ने कहा कि रविवार को दोनों शूटरों की पुलिस के साथ मुठभेड़ हुई,
जिसमें दोनों के पैर में गोली लगी है, इसके बाद उन्होने सरेंडर कर दिया, दोनों शूटरों ने पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की थी, मुखबिर ने पुलिस को सूचना दी थी, कि सुषमा हत्याकांड को अंजाम देने वाला शूटर बीटा थाना क्षेत्र में फॉर्च्यूनर कार में घूम रहे हैं।

पुलिस पर फायरिंग
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, पुलिस ने सर्विस रोड पर घेराबंदी की, तो बदमाशों ने पुलिस पर ही फायरिंग शुरु कर दी, जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी है,
इन बदमाशों के बयान के बाद ही गजेन्द्र भाटी को गिरफ्तार किया गया।