विराट सेना ने रचा इतिहास, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहली बार किया ऐसा कारनामा
इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने इतिहास रच दिया है, विराट कोहली पहले कप्तान बन गये हैं, जिनकी अगुवाई में टीम ने अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में क्लीन स्वीप किया है।
रांची टेस्ट में टीम इंडिया ने बड़ी जीत हासिल की है, चौथे दिन विराट सेना को जीत के लिये सिर्फ 2 विकेट की जरुरत थी, भारतीय गेंदबाजों ने दूसरे ही ओवर में मेहमान टीम की पारी समेट दी, शाहबाज नदीम ने अपने पहले ही ओवर में पांचवीं गेंद पर डी ब्रुइन को साहा के हाथों कैच करवाया, फिर लुंगी एन्गिडी को अपनी ही गेंद पर कैच पकड़कर अफ्रीकी पारी समेट दिया, इसके साथ ही टीम इंडिया ने पारी और 202 रनों से ये मुकाबला जीत लिया।टीम इंडिया ने रचा इतिहास
इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने इतिहास रच दिया है, विराट कोहली पहले कप्तान बन गये हैं, जिनकी अगुवाई में टीम ने अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में क्लीन स्वीप किया है,
टीम ने विशाखापट्नम, पुणे और रांची टेस्ट में जीत हासिल की, भारतीय टीम 2012 के बाद अपने घर पर कोई टेस्ट सीरीज नहीं हारी है।
जीत के हीरो रोहित
रांची टेस्ट में टीम इंडिया की जीत के हीरो स्टाइलिश बल्लेबाज रोहित शर्मा रहे, जिन्होने 212 रनों की शानदार पारी खेली, उनके अलावा उपकप्तान अजिंक्य रहाणे ने भी 115 रन बनाये,
ऑलराउंडर रविन्द्र जडेजा ने 51 रनों की पारी खेली, इसके बाद का सारा काम गेंदबाजों ने कर दिया, पहली पारी में 162 और दूसरी पारी में 133 रनों पर समेट दिया।
दूसरी पारी में बुरा हाल
फॉलोऑन के बाद दूसरी पारी में तो दक्षिण अफ्रीकी टीम ने हथियार ही डाल दिये, टीम के सात बल्लेबाज तो दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके, दूसरी पारी में उनकी टीम से सर्वश्रेष्ठ स्कोर तीस रन था,
दूसरी पारी में शमी ने तीन, उमेश यादव और शाहबाज नदीम ने दो-दो विकेट हासिल किये, अश्विन और जडेजा को 1-1 विकेट मिला।


