पीएम से मुलाकात से पहले इशारों में बड़ी बात कह गये शरद पवार, बेचैन शिवसेना ने कहा क्या खिचड़ी पकती है?

इसी सप्ताह सोमवार को पीएम मोदी ने राज्यसभा में अपने संबोधन में एनसीपी की तारीफ की थी, उन्होने कहा था कि एनसीपी और बीजेडी दो पार्टियां ऐसी है, जो संसदीय नियम कभी नहीं तोड़ती।

महाराष्ट्र में सत्ता के लिये सियासी घमासान जारी है, इन सबके बीच एनसीपी चीफ शरद पवार पीएम मोदी से मुलाकात के लिये दिल्ली पहुंच चुके हैं, आज दोपहर संसद भवन में पीएम मोदी से उनकी मुलाकात होनी है, हालांकि पहले ही ये बता दिया गया है कि वो किसानों की समस्याओं को लेकर पीएम से चर्चा करेंगे, लेकिन इस संबंध में जब एनसीपी प्रमुख से पूछा गया, तो उन्होने ऐसी बात कही, कि सियासी पारा चढ गया।

अभी कैसे बता सकता हूं
जब शरद पवार से पीएम मोदी से होने वाली चर्चा का विषय पूछा गया, तो उन्होने कुछ भी बताने से इंकार कर दिया, उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री से मिलने जा रहा हूं, लेकिन किस मुद्दे पर बात होगी,
ये अभी आपको कैसे बता सकता हूं, इसके बाद वो बिना कुछ बोले ही आगे बढ गये, पवार के इस बयान के बाद महाराष्ट्र में नई सरकार के गठन को लेकर कयास फिर से तेज हो गये हैं।

संजय राउत ने क्या कहा 
दूसरी ओर शिवसेना के वरिष्ठ नेता संजय राउत ने कहा कि प्रधानमंत्री से अगर कोई नेता मिलता है, तो क्या खिचड़ी ही पकती है, पीएम पूरे देश के होते हैं,
महाराष्ट्र के किसान इन दिनों समस्याओं का सामना कर रहे हैं, पवार और उद्धव छठाकरे हमेशा किसानों की बात करते हैं, पवार साहब को तो किसानों की परेशानियां पता होती है, इसलिये वो इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री से मिलने जा रहे हैं।

राज्यसभा में मोदी ने की थी तारीफ
इसी सप्ताह सोमवार को पीएम मोदी ने राज्यसभा में अपने संबोधन में एनसीपी की तारीफ की थी, उन्होने कहा था कि एनसीपी और बीजेडी दो पार्टियां ऐसी है,
जिनके सांसद कभी भी हंगामा करते हुए वेल में नहीं आते, वो संसदीय नियमों को कभी नहीं तोड़ते, बाकी सांसदों को उनसे सीखना चाहिये, कि वेल में बिना उतरे कैसे अपने मुद्दों को प्रबलता से उठाना है।