प्रशांत किशोर ने किया बीजेपी का खेल खराब, महाराष्ट्र के महाभारत के पीछे है ये चुनावी रणनीतिकार

विधानसभा चुनाव बीजेपी और शिवसेना ने गठबंधन में लड़ा था, स्पष्ट बहुमत के बाद शिवसेना ने तेवर दिखाने शुरु किये।

महाराष्ट्र के सियासत में जारी गहमागहमी के बीच बीजेपी ने चुनावी रणनीतिकार और जदयू उपाध्यक्ष प्रशांत किशोर पर निशाना साधा है, बीजेपी नेता प्रीति गांधी ने शिवसेना के एनडीए से अलग होने के लिये पीके को जिम्मेदार बताया है, उन्होने ट्विटर पर लिखा है, प्रशांत किशोर ले डूबे, तो इनके साथ ही पूर्व प्रवक्ता और जदयू नेता अजय आलोक ने भी बिना नाम लिये पीके पर हमला बोला है।

जदयू नेता का तंज
जदयू के पूर्व प्रवक्ता अजय आलोक ने ट्विटर पर लिखा है, एक हैं मास्टर स्ट्रैटेजिस्ट, पिछले कुछ दिनों से शिवसेना उनसे ज्ञान ले रही थी, नतीजा सब देख रहे हैं,
अब महामहिम ने और समय नहीं दिया, लगता है कि इस पहलू पर मास्टर साहब ने ध्यान नहीं दिया होगा, नतीजा ना तीन में ना तेरह में, कहते हैं ना गफलत में सब गये माया मिली ना राम, जय मातर साब।

50-50 फॉर्मूला 
आपको बता दें कि विधानसभा चुनाव बीजेपी और शिवसेना ने गठबंधन में लड़ा था, स्पष्ट बहुमत के बाद शिवसेना ने तेवर दिखाने शुरु किये,
शिवसेना पहले ढाई साल के लिये सीएम पद चाहती है, जिस पर बीजेपी कोई समझौता करने को तैयार नहीं है, इसी वजह से दोनों का गठबंधन टूट गया, कहा जा रहा है कि 50-50 फॉर्मूले के पीछे पीके का दिमाग है।

उद्धव ठाकरे के सलाहकार
पीके शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के सलाहकार के रुप में काम कर रहे हैं, सूत्रों के अनुसार पीके की सलाह पर ही उद्धव के मन में सीएम बनने की इच्छा जगी,
जिसके बाद महाराष्ट्र में गद्दी के लिये महाभारत शुरु हो गया, माना जा रहा है कि पीके एक तीर से दो निशाना साध रहे हैं, इससे अगले साल बिहार विधानसभा चुनाव में सीटों के लिये बीजेपी पर दबाव बनाना आसान होगा, साथ ही 2024 के लिये नीतीश कुमार की महत्वकांक्षा को बल मिलेगा।